Korbavani.com। जिले की पुलिसिंग में एक बार फिर बड़ा फेरबदल किया गया है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने प्रशासनिक दृष्टिकोण से पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव करते हुए नवीन पदस्थापना आदेश जारी किया है। आदेश के बाद जिले के महत्वपूर्ण थानों की कमान में बदलाव देखने को मिला है।सबसे अहम बदलाव कोरबा कोतवाली थाना में हुआ है। यहां थाना प्रभारी के रूप में पदस्थ निरीक्षक प्रमोद डडसेना को जिम्मेदारी से हटाकर प्रभारी समंस वारंट सेल, पुलिस अधीक्षक कार्यालय भेजा गया है। उनकी जगह कटघोरा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक प्रेमचंद साहू को कोरबा कोतवाली की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं कटघोरा थाना में भी नेतृत्व परिवर्तन किया गया है। अब तक सीएसईबी थाना की जिम्मेदारी संभाल रहे उपनिरीक्षक राजेश तिवारी को थाना प्रभारी कटघोरा बनाया गया है। इस बदलाव के साथ कटघोरा थाने की कमान भी नए अधिकारी के हाथों में पहुंच गई है। पुलिस अधीक्षक के इस प्रशासनिक फेरबदल को जिले में पुलिसिंग व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है। अधिकारियों की नई पदस्थापना के बाद अब संबंधित थानों में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के निपटारे को लेकर नई जिम्मेदारियों के साथ कामकाज आगे बढ़ेगा। नवीन पदस्थापना आदेश में निरीक्षक से लेकर आरक्षक स्तर तक कुल छह पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। पुलिस विभाग के इस फेरबदल के बाद अब नई टीम के प्रदर्शन और पुलिसिंग की दिशा पर नजर रहेगी।





