Uncategorized

स्तन कैंसर सर्जरी की लाइव डेमो से विशेषज्ञों को मिला आधुनिक तकनीकों का अनुभव, बीएमसी में स्तन स्वास्थ्य क्लिनिक शुरू…

Korbavani.com। मध्य भारत में कैंसर उपचार के प्रमुख केंद्र बालको मेडिकल सेंटर (बीएमसी) ने रायपुर में चौथे वार्षिक छत्तीसगढ़ कैंसर कॉन्क्लेव की शुरुआत स्तन संरक्षण और स्तन पुनर्निर्माण की लाइव सर्जिकल डेमोन्स्ट्रेशन के साथ की। आयोजन में देशभर से पहुंचे 50 से अधिक सर्जन और चिकित्सकों ने आधुनिक सर्जिकल तकनीकों का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। साथ ही स्तन कैंसर के उपचार, सर्जिकल योजना और मरीज-केंद्रित उपचार विकल्पों पर विशेषज्ञों ने चर्चा की।लाइव सर्जिकल डेमोन्स्ट्रेशन का नेतृत्व मुंबई स्थित टाटा मेमोरियल अस्पताल की सर्जिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. शलाका जोशी, प्लास्टिक एवं पुनर्निर्माण सर्जन डॉ. दुष्यंत जायसवाल तथा कोलकाता स्थित टाटा मेडिकल सेंटर के वरिष्ठ स्तन कैंसर सर्जन डॉ. संजीत कुमार अग्रवाल ने किया। डेमोन्स्ट्रेशन के दौरान स्तन संरक्षण सर्जरी की प्रक्रिया प्रदर्शित की गई। इसमें ट्यूमर के साथ आसपास के कुछ स्वस्थ ऊतक को हटाते हुए स्तन के अधिकांश हिस्से को सुरक्षित रखने की तकनीक दिखाई गई। कैंसर सर्जरी के साथ प्लास्टिक एवं पुनर्निर्माण सर्जरी की तकनीकों का उपयोग कर बचे हुए स्तन ऊतक के आकार और स्वरूप को यथासंभव बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। डॉ. शलाका जोशी ने कहा कि स्तन कैंसर भारत समेत दुनियाभर में महिलाओं में पाए जाने वाले प्रमुख कैंसर में शामिल है। कई महिलाएं बीमारी की पहचान के बाद भी देर से उपचार के लिए पहुंचती हैं, जिससे उपचार जटिल हो सकता है। उन्होंने शुरुआती पहचान, सही निदान, समय पर उपचार और पुनर्वास को बेहतर परिणामों के लिए महत्वपूर्ण बताया। कॉन्क्लेव के दौरान बीएमसी में स्तन स्वास्थ्य क्लिनिक का भी शुभारंभ किया गया। छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने क्लिनिक का उद्घाटन किया। महिला विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम के नेतृत्व में संचालित इस क्लिनिक में स्तन स्वास्थ्य प्रबंधन, कैंसर उपचार, स्तन पुनर्निर्माण और कॉस्मेटिक ब्रेस्ट सर्जरी से जुड़ी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की योजना है। बीएमसी की कंसल्टेंट प्लास्टिक, पुनर्निर्माण एवं एस्थेटिक सर्जन डॉ. इशिता कात्याल ने कहा कि कैंसर उपचार का उद्देश्य केवल बीमारी को नियंत्रित करना नहीं, बल्कि मरीज के जीवन की गुणवत्ता बनाए रखना भी है। स्तन पुनर्निर्माण के जरिए प्राकृतिक स्वरूप और संतुलन को यथासंभव बनाए रखने का प्रयास किया जाता है, जिससे मरीज उपचार के बाद आत्मविश्वास के साथ सामान्य जीवन की ओर लौट सकें। सेवानिवृत्त वाइस एडमिरल एवं पूर्व महानिदेशक, सशस्त्र सेना चिकित्सा सेवाएं, सर्जन आरती सरीन ने कहा कि कैंसर उपचार में शुरुआती पहचान और समय पर उपचार की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने व्यापक स्तन स्वास्थ्य क्लिनिक को क्षेत्र में रोकथाम, नियमित जांच, शुरुआती निदान, उपचार और पुनर्निर्माण के साथ पोषण, फिजियोथेरेपी तथा लिम्फेडेमा प्रबंधन जैसी सहायक सेवाओं की दिशा में उपयोगी पहल बताया। बीएमसी की मेडिकल डायरेक्टर एवं वरिष्ठ मेडिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. भावना सिरोही ने कहा कि विभिन्न विशेषज्ञ सेवाओं को एक मंच पर लाने का उद्देश्य मध्य भारत में कैंसर उपचार की निरंतरता को मजबूत करना और महिलाओं को निदान से लेकर उपचार तथा स्वस्थ होने तक आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराना है। चौथा वार्षिक छत्तीसगढ़ कैंसर कॉन्क्लेव कैंसर उपचार के क्षेत्र में चिकित्सकीय सहयोग, आधुनिक तकनीकों के आदान-प्रदान और निरंतर सीखने को बढ़ावा देने की दिशा में आयोजित किया गया। देश के विशेषज्ञों और क्षेत्रीय चिकित्सकों की भागीदारी से आयोजन में स्तन कैंसर उपचार से जुड़े अनुभव और तकनीकी जानकारी साझा की गई।

Kush Sharma

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button