स्कूल में मोबाइल लेकर पहुंची थी छात्रा, घर लौटने के बाद उठाया आत्मघाती कदम; परिजनों ने तत्काल अस्पताल पहुंचाकर बचाई जान…
Korbavani.com। अजगरबहार क्षेत्र के एक हायर सेकंडरी स्कूल में कक्षा 11वीं में पढ़ने वाली छात्रा द्वारा कीटनाशक का सेवन किए जाने का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, स्कूल में मोबाइल लेकर पहुंचने पर प्राचार्य की फटकार से आहत होकर छात्रा ने घर लौटने के बाद यह कदम उठाया। गनीमत रही कि परिजनों को इसकी जानकारी समय रहते मिल गई और वे तत्काल उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के बाद उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। मिली जानकारी के मुताबिक, छात्रा मोबाइल लेकर स्कूल पहुंची थी। स्कूल में उसके पास मोबाइल देखकर प्राचार्य अनुपमा राजवाड़े ने उसे जमकर फटकार लगाई। बताया जा रहा है कि इस घटना से छात्रा काफी आहत हो गई। घर लौटने के बाद उसने कीटनाशक का सेवन कर लिया। छात्रा की तबीयत बिगड़ने पर परिजन घबरा गए और बिना देर किए उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार किया गया। फिलहाल छात्रा खतरे से बाहर बताई जा रही है। इस घटना ने स्कूलों में अनुशासन बनाए रखने के तरीकों और विद्यार्थियों के साथ शिक्षकों के व्यवहार को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्कूल में मोबाइल ले जाने पर कार्रवाई या समझाइश देना अनुशासन का हिस्सा हो सकता है, लेकिन बच्चों की मानसिक स्थिति और भावनाओं को समझना भी उतना ही जरूरी है। आखिर ऐसी कौन सी परिस्थिति बनी कि एक छात्रा ने इतना गंभीर कदम उठा लिया? क्या उसे समझाइश देने का कोई दूसरा तरीका नहीं अपनाया जा सकता था? फिलहाल इस मामले में स्कूल प्रबंधन और प्राचार्य का पक्ष सामने नहीं आ सका है। घटना को लेकर वास्तविक परिस्थितियों की पुष्टि और निष्पक्ष जांच जरूरी है।




