Uncategorized

एसईसीएल की बांकी-4 खदान में डकैती का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार…

सुरक्षाकर्मियों को बंधक बनाकर गैस कटर से काट ले गए थे लोहे के सामान और पाइप, पिकअप सहित वारदात में इस्तेमाल उपकरण जब्त…

Korbavani.com- एसईसीएल की बांकी नंबर-4 खदान में सुरक्षाकर्मियों को बंधक बनाकर लोहे के सामान और पाइप की लूटपाट करने के मामले में बांकीमोंगरा पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल पिकअप वाहन, गैस कटर, ऑक्सीजन सिलेंडर और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।पुलिस के अनुसार, 26 और 27 अक्टूबर की दरम्यानी रात करीब एक बजे 10 से 12 नकाबपोश बदमाश एसईसीएल की बांकी नंबर-4 खदान परिसर में घुस गए थे। बदमाशों ने ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मियों और चौकीदारों को बंधक बनाकर उनके मोबाइल फोन छीन लिए। इसके बाद गैस कटर की मदद से स्टोर में रखे लोहे के रैक और एसईसीएल की संपत्ति से जुड़े पाइप काटकर अपने साथ ले गए। चोरी किए गए सामान की कीमत करीब 28 हजार रुपये बताई गई है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी चौकीदारों के मोबाइल फोन वापस कर मौके से फरार हो गए थे।घटना के संबंध में एसईसीएल सुरक्षा गार्ड व्यासनारायण चौहान ने 28 अक्टूबर को बांकीमोंगरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले में अपराध क्रमांक 223/2026 के तहत बीएनएस की धारा 310(2) और 127(2) में अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस ने जांच शुरू की।विवेचना के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने पिकअप वाहन चालक राहुल विश्वकर्मा और कबाड़ दुकान संचालक आकाश साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। डकैती से प्राप्त संपत्ति के निपटान और खरीद-बिक्री में भूमिका सामने आने पर प्रकरण में बीएनएस की धारा 317(3) और 317(5) भी जोड़ी गई। गिरफ्तार आरोपियों में राहुल विश्वकर्मा (22), पिता स्वर्गीय राजकुमार विश्वकर्मा, निवासी विनायक पब्लिक स्कूल के पास बांकीमोंगरा तथा आकाश साहू (20), पिता स्वर्गीय रंजीत साहू, निवासी एसईसीएल अस्पताल के पास बांकीमोंगरा शामिल हैं।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पिकअप वाहन क्रमांक CG 12 BJ 6180, एक गैस कटर, एक ऑक्सीजन सिलेंडर और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं, वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तलाश जारी है।

Kush Sharma

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button