घर लौट रहे युवक को गलत दिशा से आ रहे वाहन ने मारी टक्कर, परिवार में पसरा मातम…
Korbavani.com जिले में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का एक और मामला सामने आया है। 31 अक्टूबर शाम को बेंदरकोना पंचायत क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार पिकअप वाहन गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से लापरवाहीपूर्वक आ रहा था। इसी दौरान उसने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान हीरासिंह कंवर के रूप में हुई है, जो पहंदा गांव का निवासी था। वह अडानी पावर प्लांट में कार्यरत था। मिली जानकारी के अनुसार, हीरासिंह बेंदरकोना में अपने रिश्तेदार के यहां काठी कार्यक्रम में शामिल होने आया हुआ था। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वह बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया। घटना की खबर मिलते ही परिजनों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। युवक की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद पिकअप चालक के फरार होने से उसकी पहचान और वाहन की तलाश को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी एक बार फिर सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।




