Uncategorized

श्रमिक संगठनों की एकजुटता और भविष्य की रणनीति पर होगा मंथन, 01 नवंबर को जुटेंगे प्रतिनिधि…

Korbavani.com। भारतीय मजदूर संघ, जिला कोरबा का त्रैवार्षिक जिला अधिवेशन 1 नवंबर, रविवार को सुबह 10:30 बजे जेआरसी क्लब, एसईसीएल कोरबा में आयोजित होगा। अधिवेशन में जिले के विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों, सार्वजनिक उपक्रमों और श्रमिक संगठनों से जुड़े पदाधिकारी, प्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता शामिल होंगे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के वाणिज्य एवं उद्योग, श्रम तथा सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखन लाल देवांगन उपस्थित रहेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में भारतीय मजदूर संघ के अखिल भारतीय मंत्री एवं उद्योग प्रभारी राधेश्याम जायसवाल तथा कोरबा नगर निगम की महापौर संजू देवी राजपूत शामिल होंगी। अधिवेशन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला कार्यवाह कैलाश नाहक का बौद्धिक मार्गदर्शन मिलेगा। वहीं, भारतीय मजदूर संघ छत्तीसगढ़ के प्रदेश महामंत्री शंखध्वनि सिंह बनाफर मुख्य वक्ता होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अजय मिश्रा करेंगे।

संगठन की गतिविधियों और श्रमिक समस्याओं पर होगी चर्चा- त्रैवार्षिक अधिवेशन में संगठन के पिछले तीन वर्षों के कार्यों की समीक्षा, कार्यकाल प्रतिवेदन और आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही श्रमिकों की समस्याओं, अधिकारों, कार्यस्थल पर सुरक्षा, सामाजिक एवं आर्थिक हितों और कल्याण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा कर आगामी कार्ययोजना तैयार की जाएगी।अधिवेशन में कोयला, विद्युत, बालको, एनटीपीसी, रेलवे, आंगनबाड़ी, मितानिन, मध्यान्ह भोजन, सहकारी समितियों, राज्य कर्मचारी, सफाई कामगार, निर्माणी, ठेका एवं संविदा सहित विभिन्न क्षेत्रों के श्रमिक संगठनों की भागीदारी रहेगी।भारतीय मजदूर संघ राष्ट्रहित, उद्योगहित और श्रमिकहित के मूल मंत्र के साथ संगठन को मजबूत बनाने तथा श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए अपनी आगामी रणनीति तय करेगा। इसके साथ ही उद्योगों की प्रगति और राष्ट्र निर्माण में श्रमिकों की भूमिका को प्रभावी बनाने पर भी विचार-विमर्श होगा।संगठन ने जिले की सभी संबद्ध यूनियनों के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और श्रमिक प्रतिनिधियों से अधिवेशन में अधिकाधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।

Kush Sharma

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button