Korbavani.com – जिले के रजगामार क्षेत्र अंतर्गत ओमपुर बस्ती में सोमवार रात करीब 9 बजे एक परिवार उस समय दहशत में आ गया जब एक जहरीला अहिराज सांप अचानक उनके घर में घुस आया। परिवार सोने की तैयारी में था, तभी वह सांप दरवाजे के पास आकर बैठ गया। इस कारण सूरज कुमार की मां कमरे के भीतर ही फंस गईं और बाहर नहीं निकल पाईं।परिवार की ओर से तुरंत प्रतिक्रिया दी गई। महिला डंडा लेकर एक कोने में खड़ी रहीं जबकि सूरज कुमार और पड़ोसियों ने बिना देर किए वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम के प्रमुख जितेंद्र सारथी को सूचना दी। सारथी टीम सहित तत्काल मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक सांप को रेस्क्यू कर सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया। रेस्क्यू के बाद पूरे मोहल्ले में राहत का माहौल देखने को मिला, और लोगों ने सारथी व उनकी टीम के प्रति आभार जताया।
मौसम बदलाव से बढ़ रही है सांपों की गतिविधि– जितेंद्र सारथी ने बताया कि तापमान में उतार-चढ़ाव और मौसम परिवर्तन के कारण इन दिनों सांपों की सक्रियता बढ़ गई है। लोगों से अपील की गई है कि यदि सांप दिखाई दे, तो उसे मारने की बजाय हेल्पलाइन नंबर 8817534455 पर कॉल करें। साथ ही सर्पदंश की स्थिति में घबराएं नहीं, तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचें। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि उनकी टीम को अधिकांश रेस्क्यू कॉल रात्रि के समय मिल रहे हैं और वे निरंतर सतर्कता के साथ लोगों तक पहुँचकर सहायता कर रहे हैं।
सावधानी ही सुरक्षा है – इन बातों का रखें ध्यान- सांप दिखने पर घबराएं नहीं, तुरंत विशेषज्ञों को बुलाएं। बच्चों और बुजुर्गों को सुरक्षित स्थान पर रखें। रात में घर के दरवाजे और खिड़कियों को अच्छी तरह बंद रखें। फर्श पर न सोएं, विशेषकर बरसात और गर्मियों में। रसोई और बाथरूम जैसे नम स्थानों में विशेष सतर्कता बरतें।




