देश के विभिन्न शहरों से पहुंचे सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने स्मेल्टर, कास्ट हाउस और पावर प्लांट का किया भ्रमण, साझा की पुरानी यादें और अनुभव…
Korbavani.com- वर्षों तक किसी संस्थान का हिस्सा रहे लोगों के लिए वहां दोबारा लौटना सिर्फ एक भ्रमण नहीं, बल्कि पुरानी यादों और भावनाओं से जुड़ने का अवसर होता है। ऐसा ही नजारा बालको संयंत्र में देखने को मिला, जहां कोलकाता, पुणे, हैदराबाद सहित देश के विभिन्न शहरों से पहुंचे सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपने पुराने कार्यस्थल का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने बालको की विकास यात्रा, आधुनिक तकनीक और संयंत्र में आए बदलावों को करीब से देखा।वेदांता एल्यूमिनियम मेटल लिमिटेड की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) की ओर से सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सम्मान और उनके साथ आत्मीय संबंध बनाए रखने के उद्देश्य से इस विशेष भ्रमण का आयोजन किया गया। वर्षों बाद संयंत्र पहुंचे पूर्व कर्मचारियों ने उन स्थानों का अवलोकन किया, जहां उन्होंने अपने कार्यकाल के महत्वपूर्ण वर्ष बिताए थे और कंपनी की विकास यात्रा में योगदान दिया था।भ्रमण के दौरान उन्होंने स्मेल्टर, कास्ट हाउस और पावर प्लांट सहित संयंत्र की प्रमुख इकाइयों को देखा। इस दौरान तकनीकी बदलाव, आधुनिक मशीनरी, उन्नत सुरक्षा व्यवस्था, डिजिटलीकरण और उत्पादन क्षमता में हुई वृद्धि की जानकारी दी गई। एआई आधारित सुरक्षा तकनीक और आधुनिक कार्यप्रणाली ने विशेष रूप से उनका ध्यान आकर्षित किया। कंपनी के प्रतिनिधियों ने वर्तमान उपलब्धियों, विस्तार योजनाओं और भविष्य की कार्ययोजना से भी अवगत कराया। सेवानिवृत्त कर्मचारी वीके धर ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि जब वे मानव संसाधन विभाग में कार्यरत थे, तब बालको का उत्पादन लगभग एक लाख टन था, जबकि आज कंपनी 10 लाख टन उत्पादन के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने कर्मचारियों के लिए चेयरमैन अनिल अग्रवाल द्वारा घोषित 10 प्रतिशत ग्रांट को खुशी का विषय बताया। साथ ही कहा कि पहले की तुलना में संयंत्र की सुरक्षा व्यवस्था में भी काफी सुधार हुआ है।वहीं, वर्ष 1977 में बालको से जुड़े देवेंद्र कुमार अग्रवाल ने कहा कि कंपनी की विकास यात्रा के साथ कर्मचारियों को भी आगे बढ़ने और नए अवसरों पर काम करने का मौका मिला। रोलिंग मिल में नवाचार और नई कार्यप्रणालियों को सीखने के अवसर मिले। आज संयंत्र अधिक आधुनिक, सुंदर और सुव्यवस्थित नजर आ रहा है। सुरक्षा और गुणवत्ता के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय बदलाव हुए हैं।सेवानिवृत्त कर्मचारी शरद गहरना ने कहा कि वर्ष 1977 में जब बालको अपने शुरुआती दौर में था, तब उन्होंने यहां काम शुरू किया था। आज कंपनी ने उनकी कल्पना से कहीं अधिक प्रगति की है। कर्मचारियों की लगन और समर्पण देखकर विश्वास होता है कि बालको भविष्य में भी नई ऊंचाइयां हासिल करेगा। उन्होंने संयंत्र में पर्यावरण संरक्षण और हरियाली के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की। साथ ही प्रबंधन से भविष्य में भी इस तरह के आयोजन जारी रखने की अपेक्षा जताई।पूर्व कर्मचारियों ने कहा कि बालको उनके लिए महज कार्यस्थल नहीं, बल्कि जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। पुराने कार्यस्थलों को देखकर उन्हें अपने सहकर्मियों, टीम और साथ बिताए पलों की यादें ताजा हो गईं। वहीं, आधुनिक तकनीक, बेहतर सुरक्षा व्यवस्था और विस्तारित संयंत्र को देखकर उन्हें गर्व महसूस हुआ।बालको प्रबंधन की इस पहल को सेवानिवृत्त कर्मचारियों और कंपनी के बीच भावनात्मक जुड़ाव बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। यह आयोजन कंपनी की पुरानी विरासत और वर्तमान उपलब्धियों के बीच एक सेतु बना, जहां अनुभवों के साथ नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा और सीखने के अवसर भी सामने आए।कभी जिन हाथों ने संवारा बालको, उन्हीं ने लौटकर देखी आधुनिक विकास की तस्वीर




