Uncategorized

Korba Breaking- 75 लाख की डामरीकरण सड़क सप्ताहभर में उखड़ने लगी, राताखार के बाद वार्ड 12 में भी निर्माण गुणवत्ता पर सवाल.. देखें वीडियो…

वासन नहर गली में ठेकेदार की कार्यप्रणाली कटघरे में, बेमौसम बारिश ने खोली सड़क निर्माण की पोल; जिम्मेदार इंजीनियरों की निगरानी और निगम की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल..

Korbavani.com। नगर पालिक निगम कोरबा क्षेत्र में विकास कार्यों के नाम पर लाखों-करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर लगातार उठ रहे सवाल निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर बहस छेड़ रहे हैं। राताखार में करीब दो करोड़ रुपये की लागत से बन रही नाली के निर्माण में अनियमितता को लेकर उठे सवालों के बाद अब वार्ड क्रमांक 12 स्थित वासन नहर गली में डामरीकरण सड़क की गुणवत्ता सवालों के घेरे में आ गई है। जानकारी के अनुसार, आम नागरिकों को सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस गली में लगभग 75 लाख रुपये की लागत से डामरीकरण सड़क का निर्माण कराया गया है। निर्माण कार्य भवानी कंस्ट्रक्शन द्वारा कराया गया बताया जा रहा है। लेकिन निर्माण पूरा होने के महज सप्ताहभर के भीतर ही सड़क की ऊपरी परत कई स्थानों पर उखड़ती दिखाई देने लगी है। सड़क की मौजूदा स्थिति देखकर स्थानीय स्तर पर निर्माण की गुणवत्ता और इस्तेमाल की गई सामग्री को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हैरानी की बात यह है कि बेमौसम बारिश के महज एक दिन बाद ही सड़क की सतह पर उखड़ाव और गिट्टियां दिखाई देने लगीं। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर जिस सड़क पर लाखों रुपये खर्च किए गए, उसकी स्थिति इतनी जल्दी खराब कैसे होने लगी? क्या निर्माण के दौरान निर्धारित तकनीकी मापदंडों का पालन किया गया था? क्या संबंधित इंजीनियरों ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की नियमित निगरानी और गुणवत्ता की जांच की थी? यह मामला केवल एक सड़क तक सीमित नहीं है। शहर के अलग-अलग वार्डों में हो रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर समय-समय पर शिकायतें सामने आती रही हैं। इसके बावजूद ठेकेदारों और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने को लेकर ठोस कार्रवाई कितनी हुई, यह भी बड़ा सवाल है। एक ओर मंत्री लखन लाल देवांगन, महापौर संजू देवी राजपूत और निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय कोरबा के विकास और शहर की तस्वीर बदलने के प्रयासों में जुटे हैं, वहीं दूसरी ओर निर्माण कार्यों में कथित गुणवत्ता संबंधी लापरवाही इन प्रयासों की छवि को प्रभावित कर सकती है। अब देखना होगा कि निगम प्रशासन इस मामले में स्थल निरीक्षण, तकनीकी गुणवत्ता परीक्षण और जिम्मेदारी तय करने की दिशा में क्या कदम उठाता है। यदि निर्माण में खामी प्रमाणित होती है तो संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों पर नियमानुसार कार्रवाई जरूरी होगी, ताकि सरकारी राशि का दुरुपयोग न हो और भविष्य में ऐसे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से समझौता न किया जा सके।

Kush Sharma

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button