Uncategorized

2500 लीटर डीजल चोरी मामले में नया खुलासा, इनामी आरोपी नवीन कश्यप सहित तीन गिरफ्तार, देखें वीडियो…

Korbavani.com। जिले की गेवरा और कुसमुंडा खदानों से डीजल चोरी कर सक्रिय संगठित गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। दीपका पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे गिरोह के सरगना नवीन कश्यप सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर डीजल चोरी के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार किया है। नवीन कश्यप की गिरफ्तारी पर पुलिस द्वारा 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस के अनुसार डीजल चोरी के इस संगठित मामले में अब तक कुल 12 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इससे पहले नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था, जबकि हालिया कार्रवाई में नवीन कश्यप, परमेश्वर सारथी और सब्बीर मेमन को दबोचा गया है। मामले में पूर्व में 2500 लीटर चोरी का डीजल जब्त किया जा चुका है। वहीं ताजा कार्रवाई के दौरान चोरी की वारदात में उपयोग किए गए दो स्कॉर्पियो वाहन भी पुलिस ने जब्त किए हैं। बताया जा रहा है कि 1 जून की रात दीपका पुलिस नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गिरोह का मुख्य आरोपी नवीन कश्यप जांजगीर क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी और नवीन कश्यप के साथ उसके दो सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में मिले तथ्यों के आधार पर घटना में प्रयुक्त दोनों वाहनों को भी जब्त किया गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ दर्ज प्रकरणों में वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। वहीं इस मामले से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि खदान क्षेत्रों में डीजल चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लिया जा रहा है। संगठित अपराध में शामिल गिरोह के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए जांच का दायरा बढ़ाया जा रहा है और फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। पुलिस की इस कार्रवाई को कोयला क्षेत्र में संचालित डीजल चोरी के अवैध कारोबार पर बड़ी चोट माना जा रहा है।

Kush Sharma

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button