5.74 किमी सड़क निर्माण में तेजी के निर्देश, पुल की मरम्मत और यातायात के लिए बेहतर डायवर्सन पर जोर…
Korbavani.com । शहर में चल रहे सड़क निर्माण कार्यों की स्थिति देखने कलेक्टर कुणाल दुदावत और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी मंगलवार को मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने ध्यानचंद चौक से रूमगरा होते हुए बालको के बजरंग चौक तथा रिसदा से रिसदी चौक तक निर्माणाधीन सड़क का पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क की मौजूदा स्थिति, निर्माण कार्य की प्रगति और बारिश के कारण प्रभावित हिस्सों का जायजा लिया गया।कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान आम नागरिकों और वाहनों की आवाजाही प्रभावित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए आवश्यक स्थानों पर सुरक्षित और प्रभावी डायवर्सन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सड़क की गुणवत्ता को लेकर भी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। करीब 5.74 किलोमीटर लंबी टू-लेन सीसी सड़क का निर्माण निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुसार कराने और तय समय-सीमा में काम पूरा करने को कहा गया। बारिश से प्रभावित सड़क के हिस्सों में तत्काल मरम्मत कराने के साथ नियमित निगरानी के निर्देश भी दिए गए।
ढेंगुरनाला-बेलगिरी पुल की भी जांच– कलेक्टर और एसपी ने ढेंगुरनाला-बेलगिरी पुल का निरीक्षण कर सड़क की स्थिति देखी। पुल के आसपास बने गड्ढों और खराब हिस्सों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। रिसदा-बेलगिरी पुल पर आवागमन सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक सुधार कार्य जल्द कराने को कहा गया। बजरंग चौक-परसाभाठा क्षेत्र में भी निर्माण कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को बेहतर डायवर्सन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
डीएमएफ से स्वीकृत है करीब 29 करोड़– ध्यानचंद चौक से बालको के बजरंग चौक तथा रिसदा से रिसदी चौक तक 5.74 किलोमीटर सड़क को टू-लेन सीसी सड़क के रूप में विकसित करने के लिए जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से करीब 29 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। सड़क निर्माण कार्य वर्तमान में जारी है। वहीं ढेंगुरनाला और बेलगिरी पुल की मरम्मत के लिए कार्यादेश जारी हो चुका है। जल्द ही मरम्मत कार्य शुरू किए जाने की बात कही गई है। निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता जी.आर. जांगड़े, परिवहन अधिकारी अतुल कुमार असैय्या, एसडीओ राकेश द्विवेदी सहित संबंधित विभागों और बालको के अधिकारी उपस्थित रहे।




