हर जरूरतमंद तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता – नरेंद्र देवांगन…
Korbavani.com। वार्ड क्रमांक 18 कोहड़िया अंतर्गत नर्सरीपारा स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान में उस समय हड़कंप मच गया, जब पूर्व जिला महामंत्री एवं निर्विरोध पार्षद नरेंद्र देवांगन ने औचक निरीक्षण किया। जनसेवा और पारदर्शिता को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने मौके पर पहुंचकर राशन वितरण व्यवस्था, स्टॉक रजिस्टर, हितग्राहियों को मिलने वाली सुविधाओं और संपूर्ण कार्यप्रणाली का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पार्षद ने संचालकों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि सभी पात्र हितग्राहियों को समय पर, निर्धारित मात्रा में और गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए, अन्यथा जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। देवांगन ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना एवं राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना (NFSA) जैसी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। “सबका साथ, सबका विकास” के संकल्प के साथ यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी जरूरतमंद शासन की योजनाओं से वंचित न रहे।निरीक्षण के दौरान पार्षद ने वार्डवासियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तत्काल निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में स्वच्छता, पेयजल, सड़क और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस औचक निरीक्षण से क्षेत्र में प्रशासनिक सक्रियता और जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही का स्पष्ट संदेश गया है। स्थानीय नागरिकों ने पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के निरीक्षणों से व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ती है और हितग्राहियों को समय पर उनका अधिकार मिलना सुनिश्चित होता है।




