Uncategorized

Korba Breaking- NH-130 में तेज रफ्तार का कहर- टैंकर ने उजाड़ा परिवार, सगे भाई-बहन समेत दो मासूमों की मौत, ग्रामीणों ने किया चक्का जाम…

Korbavani.com। कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत पोड़ी उपरोड़ा में मंगलवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। कटघोरा–अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर तेज रफ्तार टैंकर ने स्कूटी सवार तीन नाबालिग बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि दो सगे भाई-बहन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीसरा बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोस्वामी मोहल्ला, कोनकोना निवासी तीनों बच्चे स्कूटी से घर से दुकान की ओर जा रहे थे। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज गति से आ रहे टैंकर ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों बच्चे सड़क पर गिर पड़े और टैंकर की चपेट में आ गए। हादसे में बूटी और दशरथ, जो आपस में सगे भाई-बहन थे, की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं विवेक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही बांगो पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बच्चे को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया।घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पोड़ी उपरोड़ा के पास कटघोरा–अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर चक्का जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा।सूचना पर बांगो और कटघोरा पुलिस के साथ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। तहसीलदार विनय देवांगन एवं एसडीएम मनोज बंजारे ने ग्रामीणों से चर्चा कर उन्हें शांत कराया। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया। उचित कार्रवाई के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने चक्का जाम समाप्त कर दिया और यातायात बहाल हो सका। फिलहाल पुलिस ने टैंकर को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों और जिम्मेदारों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Kush Sharma

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button