Uncategorized

भारतीय मजदूर संघ का स्थापना दिवस धूमधाम से मना, कोरबा जिले में 29 स्थानों पर हुए ध्वजारोहण और गोष्ठियां…

Korbavani.com। भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) का स्थापना दिवस गुरुवार को कोरबा जिले में उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम एचटीपीएस आवासीय परिसर स्थित इरेक्टर हॉस्टल में आयोजित हुआ, जबकि जिले के विभिन्न उद्योगों और श्रमिक संगठनों ने 29 स्थानों पर ध्वजारोहण, गोष्ठी, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के सम्मान और मिष्ठान्न वितरण के साथ स्थापना दिवस मनाया।मुख्य कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अजय मिश्रा ने की। मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय मजदूर संघ के अखिल भारतीय मंत्री एवं विद्युत प्रभारी राधेश्याम जायसवाल तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में अखिल भारतीय पर्यावरण मंच के प्रभारी लक्ष्मण चंद्रा और प्रदेश कार्यसमिति सदस्य पूर्णिमा साहू मौजूद रहीं। कार्यक्रम में कोल इंडिया, बालको, एनटीपीसी, बिजली उत्पादन इकाइयों, बिजली वितरण, आंगनबाड़ी, ठेका एवं संविदा मजदूर संघ, अडाणी पावर लिमिटेड तथा सेवानिवृत्त विद्युत कर्मचारी संघ सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी, सदस्य और कार्यकर्ता शामिल हुए।कार्यक्रम का शुभारंभ बीएमएस ध्वज फहराने के साथ हुआ। इसके बाद भारत माता, भगवान विश्वकर्मा और संगठन के संस्थापक दत्तोपंत ठेंगड़ी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। परंपरा के अनुसार अतिथियों, वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का स्वागत एवं सम्मान किया गया।वक्ताओं ने अपने संबोधन में भारतीय मजदूर संघ के स्थापना काल से लेकर वर्तमान तक के संघर्ष, उपलब्धियों और संगठन की कार्यशैली पर प्रकाश डाला। उन्होंने संगठन के मूल मंत्र “राष्ट्रहित सर्वोपरि” को श्रमिक आंदोलन की आधारशिला बताते हुए त्याग, तपस्या और राष्ट्र निर्माण में श्रमिकों की भूमिका पर विस्तार से विचार रखे। इस दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सुरेश गुप्ता, पूर्व प्रदेश पदाधिकारी सतीश राठौर, सेवानिवृत्त विद्युत कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय मंत्री सी.एस. दुबे, एनटीपीसी मजदूर महासंघ के अध्यक्ष सुरेंद्र राठौर, एसईसीएल के महामंत्री रमेश गुरुद्वान, पूर्णिमा साहू, लक्ष्मण चंद्रा तथा राधेश्याम जायसवाल ने भी अपने विचार व्यक्त किए।कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री एवं बिजली कर्मचारी संगठन के प्रदेश महामंत्री नवरत्न बरेठ ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन जिला अध्यक्ष अजय मिश्रा ने किया। समापन वंदे मातरम् और राष्ट्रगान के साथ हुआ। जिला स्तरीय समारोह में 73 पुरुष एवं 15 महिलाओं सहित कुल 88 प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।इसके अलावा जिले के विभिन्न उद्योगों और श्रमिक संगठनों ने अलग-अलग 29 स्थानों पर स्थापना दिवस मनाया। भारतीय कोयला खदान मजदूर संगठन, भारतीय ताप विद्युत मजदूर संघ (एनटीपीसी), बालको कर्मचारी संघ, बिजली उत्पादन कर्मचारी संघ, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका संघ, निर्माण मजदूर संघ तथा छत्तीसगढ़ बिजली कर्मचारी संघ महासंघ सहित विभिन्न इकाइयों ने ध्वजारोहण, गोष्ठी, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान और मिष्ठान्न वितरण किया। कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने घरों पर भी बीएमएस का ध्वज फहराकर और दीप प्रज्ज्वलित कर स्थापना दिवस को उत्सव के रूप में मनाया।

Kush Sharma

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button