Uncategorized

Korba Breaking- Industrial आर्यन कार्बन फैक्ट्री में भीषण आग- जान बचाकर भागे मजदूर, कई के फंसे होने की आशंका; कई वाहन भी जले, देखें वीडियो…

Korbavani.com। जिले के औद्योगिक क्षेत्र स्थित आर्यन कार्बन फैक्ट्री में शनिवार दोपहर करीब 1 बजे भीषण आग लगने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और फैक्ट्री परिसर से उठता काले धुएं का घना गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। मौजूद लोगों के अनुसार आग लगते ही फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूर अपनी जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागे। वहीं, कुछ मजदूरों के फैक्ट्री के भीतर फंसे होने की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। आग की चपेट में आकर फैक्ट्री परिसर में खड़े कई वाहन भी जलकर क्षतिग्रस्त हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने में लगे हैं, राहत एवं बचाव कार्य जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अब तक किसी प्रकार की जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है। आग से फैक्ट्री को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। वहीं, अंदर फंसे होने की आशंका वाले मजदूरों को लेकर भी प्रशासन स्थिति स्पष्ट करने में जुटा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आर्यन कार्बन फैक्ट्री में इससे पहले भी आग लगने की घटनाएं हो चुकी हैं। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने फैक्ट्री की सुरक्षा व्यवस्था और अग्निशमन प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Kush Sharma

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button