Korbavani.com। कोरबा रेल कॉरिडोर के तहत बिछाई जा रही नई रेल लाइन से रेलवे पटरी चोरी किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जटगा चौकी पुलिस ने ग्राम बरबसपुर स्थित एक किराए के मकान में दबिश देकर करीब 6.5 टन वजन की 36 नग कटी हुई रेलवे पटरी बरामद की है। कार्रवाई के बाद रेल सामग्री की सुरक्षा व्यवस्था और चोरी के पीछे संभावित मिलीभगत को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।पुलिस के अनुसार बरबसपुर में जिस मकान से रेलवे पटरी बरामद हुई, उसे राजू कुमार नामक युवक ने किराए पर लिया था। बताया जा रहा है कि वह रेल कॉरिडोर के कार्य से जुड़ी एक निजी कंपनी में काम करता था। पुलिस ने मौके से चार ऑक्सीजन सिलेंडर, गैस कटर, घरेलू गैस सिलेंडर, अन्य सामान और स्वराज माजदा वाहन भी जब्त किया है। पुलिस की दबिश की भनक लगते ही राजू कुमार मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। लंबे समय से चल रहा था लोहे की पटरी खपाने का खेल? पुलिस को आशंका है कि रेलवे सामग्री को गैस कटर से काटकर चोरी करने और फिर उसे अन्य स्थानों पर खपाने का काम किया जा रहा था। स्थानीय स्तर पर लंबे समय से रेलवे की लोहे की सामग्री को चोरी कर बेचने और इस पूरे खेल में संभावित मिलीभगत की चर्चाएं सामने आ रही हैं। हालांकि इसकी वास्तविकता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। यदि चोरी का यह सिलसिला लंबे समय से चल रहा था तो इससे रेलवे विभाग को बड़ा आर्थिक नुकसान होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। कटघोरा एसडीओपी विजय सिंह राजपूत के अनुसार बरामद रेल पटरी का वजन करीब 6,480 किलोग्राम है। जटगा चौकी प्रभारी भीम यादव ने बताया कि बरामद रेलवे सामग्री के संबंध में जांच जारी है। रेलवे विभाग और संबंधित निजी कंपनी के अधिकारियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल मुख्य आरोपी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि रेल पटरी चोरी का यह खेल अकेले चल रहा था या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय था। कहावत है कि अपराधी कितना भी शातिर क्यों न हो, कानून की पकड़ से ज्यादा दिनों तक बच नहीं सकता—बरबसपुर की इस कार्रवाई ने इसी बात को एक बार फिर साबित कर दिया है।
With Product You Purchase
Subscribe to our mailing list to get the new updates!
Lorem ipsum dolor sit amet, consectetur.
Related Articles
Check Also
Close




