Korbavani.com । पसान थाना क्षेत्र के बहखाभर्रा जंगल में मिली महिला की लाश के मामले ने सनसनी फैला दी है। पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि महिला की हत्या उसके ही प्रेमी ने की थी। आरोपी ने सुनसान जंगल में ले जाकर गला दबाकर मौत के घाट उतार दिया। घटना का खुलासा तब हुआ जब जंगल में महुआ पेड़ के पास 30-35 वर्षीय महिला का शव संदिग्ध हालत में मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। बाद में मृतका की पहचान कुम्हारीसानी निवासी जयकुंवर के रूप में हुई। जांच के दौरान मिले सीसीटीवी फुटेज ने पूरे मामले की दिशा बदल दी। फुटेज में 22 फरवरी को आरोपी सुकदेव करियाम महिला को बाइक पर बैठाकर जंगल की ओर ले जाते हुए दिखाई दिया। पुलिस ने जब आरोपी को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह महिला को जंगल में ले जाकर शारीरिक संबंध बनाना चाहता था, लेकिन महिला के विरोध करने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। गुस्से में आकर उसने महिला का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करने में पुलिस टीम की सतर्कता और तेज कार्रवाई अहम रही, जिसने अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझा दिया।





