Korbavani.com। जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर मार्ग स्थित एक पटाखा गोदाम में बुधवार दोपहर भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग लगने के बाद गोदाम में रखे पटाखों में लगातार विस्फोट होने लगे, जिससे आसपास का क्षेत्र धमाकों की आवाज से गूंज उठा और लोगों में दहशत फैल गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कटघोरा निवासी प्रदीप शर्मा के पटाखा गोदाम में दोपहर करीब 12:30 बजे अचानक आग भड़क उठी। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और गोदाम में रखे बड़ी मात्रा में पटाखे तेज धमाकों के साथ फटने लगे। आग से उठते घने धुएं के गुबार दूर-दूर तक दिखाई दिए, जबकि लगातार हो रहे विस्फोटों के कारण आसपास के लोगों में भय का माहौल बन गया।घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। आग की भयावहता को देखते हुए तत्काल पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। पुलिस ने कंट्रोल रूम के माध्यम से अग्निशमन विभाग को भी सूचना दी। आग लगने के बाद दमकल वाहनों को मौके पर रवाना किया गया। आग पर काबू पाने के लिए अग्निशमन कर्मियों के साथ स्थानीय लोग भी अपने स्तर पर प्रयास करते रहे। पटाखा गोदाम में लगातार हो रहे विस्फोटों के कारण राहत एवं बचाव कार्य में भी सावधानी बरती जा रही है।फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। घटना में किसी के हताहत होने की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। प्रशासन और पुलिस की निगरानी में आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने तथा नुकसान का आकलन करने की कार्रवाई जारी है। घटना के संबंध में विस्तृत जांच के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
With Product You Purchase
Subscribe to our mailing list to get the new updates!
Lorem ipsum dolor sit amet, consectetur.




