छोटे-बड़े छठ घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़, छठी मइया के गीतों से गुंजायमान हुए नदी-तालाबों के तट
Korbavani.com। लोक आस्था, सूर्य उपासना और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का महापर्व छठ रविवार को औद्योगिक नगरी कोरबा में पूरे श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। चार दिवसीय छठ महापर्व के तीसरे दिन जिले के छोटे-बड़े छठ घाटों पर श्रद्धालुओं का ऐसा सैलाब उमड़ा कि नदी-तालाबों के तट आस्था के जनसमुद्र में तब्दील हो गए। सर्वमंगला, ढेंगुनाला, बालको, मुड़ापार और गेवराघाट सहित विभिन्न छठ घाटों पर बड़ी संख्या में व्रतधारी महिलाओं, उनके परिजनों और दर्शनार्थियों की मौजूदगी रही। अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करने के लिए पूरा शहर मानो घाटों पर उमड़ पड़ा दोपहर से ही छठ घाटों पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। सिर पर पूजा सामग्री से सजे सूप और दउरा लेकर पहुंचती व्रती महिलाओं की कतारें, पारंपरिक छठ गीतों की गूंज और दीपों से सजे घाटों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। सूर्यास्त का समय नजदीक आते ही घाटों पर भीड़ लगातार बढ़ती गई। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं की इतनी अधिक भीड़ रही कि खड़े होने के लिए भी जगह तलाशनी पड़ी। निर्धारित समय पर व्रतधारी महिलाओं ने जल में खड़े होकर भगवान भास्कर की आराधना की और परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की खुशहाली तथा लोककल्याण की कामना के साथ अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य दिया। डूबते सूर्य की लालिमा, जल में प्रतिबिंबित होते दीपों की रोशनी और छठी मइया के पारंपरिक गीतों ने घाटों पर अद्भुत आध्यात्मिक वातावरण निर्मित किया, इस दौरान छठ महापर्व की सामाजिक समरसता भी देखने को मिली। जाति, वर्ग और सामाजिक भेदभाव से परे सभी लोग एक साथ पूजा-अर्चना में सहभागी बने। जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों के नेताओं, प्रशासनिक अधिकारियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी विभिन्न घाटों पर पहुंचकर व्रतधारियों को पर्व की शुभकामनाएं दीं। कई जनप्रतिनिधियों ने स्वयं जल में उतरकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। शनिवार को खरना की परंपरा पूरी करने के बाद व्रतधारियों ने 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू किया था। रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य देने के बाद अब सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। इसके साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन होगा। इस अवसर पर घरों में पारंपरिक ठेकुआ सहित विभिन्न प्रकार के प्रसाद तैयार किए गए हैं।
कोरबा के छठ घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने एक बार फिर साबित किया कि यह महापर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि लोक संस्कृति, पारिवारिक परंपरा, प्रकृति के सम्मान और सामाजिक एकता का जीवंत प्रतीक है।








