गांवों में मुनादी; जंगल जाने पर सतर्क रहने की अपील….
Korbavani.com। कोरबा वनमंडल के करतला वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम सजापानी में मंगलवार सुबह हाथियों के झुंड के बीच मादा हाथी ने शावक को जन्म दिया। इसकी जानकारी मिलते ही वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है। मां और नवजात की सुरक्षा के लिए ड्रोन कैमरे से नजर रखी जा रही है, वहीं आसपास के गांवों में मुनादी कर ग्रामीणों को सतर्क किया जा रहा है।वन विभाग के अनुसार, बीट लबेद में गश्त के दौरान सुबह करीब छह बजे शावक के जन्म की जानकारी मिली। विभागीय अमला मौके पर पहुंचकर हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।वन विभाग ने ग्रामीणों से जंगल की ओर जाने, हाथियों के करीब पहुंचने और फोटो-वीडियो बनाने से बचने की अपील की है। अधिकारियों के मुताबिक, नवजात की सुरक्षा को देखते हुए हाथियों को शांत प्राकृतिक वातावरण उपलब्ध कराना और मानव-हाथी संघर्ष की आशंका को रोकना प्राथमिकता है। विभाग ने लोगों से हाथियों की मौजूदगी की सूचना तत्काल वनकर्मियों को देने तथा अफवाहों से बचने की अपील की है।




