Uncategorized

Korba Breaking- दो दिन बाद सकुशल मिला लापता छात्र विनोय, पुलिस की सक्रियता और जनसहयोग से परिवार में लौटी खुशियां…

Korbavani.com। कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम माचाडोली से दो दिन से लापता 12 वर्षीय छात्र विनोय कुमार पोर्ते आखिरकार सकुशल मिल गया। उसके सुरक्षित मिलने की खबर से परिजनों ने राहत की सांस ली है। जानकारी के अनुसार, पिता की डांट के बाद विनोय घर से निकल गया था। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चलने पर परिजनों ने कटघोरा थाना में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसके बाद कटघोरा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए छात्र की तलाश शुरू की। पुलिस लगातार संभावित स्थानों पर खोजबीन कर रही थी, वहीं Korbavani समाचार माध्यमों के जरिए भी उसकी जानकारी साझा की गई। इसी दौरान मंगलवार रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच सीएसईबी चौकी क्षेत्र के लल्लूराम कॉलोनी में विनोय सकुशल मिला। सूचना मिलते ही पुलिस ने उसे अपने संरक्षण में लेकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिजनों ने छात्र की सकुशल वापसी पर कटघोरा पुलिस, बांगो पुलिस तथा खोज अभियान में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से पुलिस के जे.पी. यादव की सक्रिय भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि उनकी तत्परता और प्रयासों से बच्चे की तलाश में महत्वपूर्ण सफलता मिली। परिवार ने Korbavani न्यूज़ का भी धन्यवाद जताया जिन्होंने खबर को प्रमुखता से प्रसारित कर अधिक से अधिक लोगों तक जानकारी पहुंचाई। परिजनों का कहना है कि पुलिस, मीडिया और आम नागरिकों के संयुक्त प्रयासों से ही उनका खोया हुआ बेटा सुरक्षित वापस मिल सका। इस घटना ने एक बार फिर साबित किया है कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मीडिया की जिम्मेदार भूमिका और समाज के सहयोग से गुमशुदा लोगों की तलाश में सकारात्मक परिणाम हासिल किए जा सकते हैं। फिलहाल छात्र पूरी तरह सुरक्षित है और उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।

Kush Sharma

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button