Korbavani.com – वेदांता समूह की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने विश्व महिला दिवस-2025 के अवसर पर ‘उन्नति परियोजना’ के अंतर्गत ‘उन्नति उत्सव’ का आयोजन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कोरबा की महापौर संजू देवी राजपूत तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में बालको लेडिज क्लब की अध्यक्ष श्रीमती मनीषा कुमार उपस्थित थीं। उत्सव में 1,200 से अधिक स्वयं सहायता समूह की प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों एवं मुख्य अतिथि की उपस्थिति में उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए 16 महिलाओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने राष्ट्रीय और स्थानीय स्तर पर विशिष्ट पहचान बनाई है।इस आयोजन में जिला प्रशासन के सहयोग तथा बालको की सामुदायिक विकास परियोजनाओं के तहत 10 खाद्य और 2 आभूषण स्टॉल लगाए गए, जिससे महिलाओं को अपने व्यवसाय का विस्तार करने का अवसर मिला। मेहंदी लगाने एवं चाक की मदद से मिट्टी के बर्तन बनाने का स्टॉल मुख्य आकर्षण रहा। पारंपरिक शिल्प कला के प्रदर्शन के साथ महिलाओं एवं बच्चों के लिए इंटरैक्टिव खेल, सांप-सीढ़ी, तीरंदाजी और रस्साकशी जैसे खेलों का भी आयोजन किया गया, जिनमें उत्कृष्ट भागीदारी के लिए पुरस्कार दिए गए। कोरबा की महापौर संजू देवी राजपूत ने सभी महिलाओं से मुलाकात की और स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में महिलाओं ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं। वेदांता स्किल स्कूल की लड़कियों ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की थीम “तेजी से कार्रवाई करें” के तहत एक फ्लैश मॉब प्रस्तुत किया, जो लैंगिक समानता और सशक्तिकरण के संदेश पर आधारित था। इसके अलावा, छत्तीसगढ़ के कर्मा नृत्य और राजस्थानी नृत्य ने समावेशिता और सांस्कृतिक विविधता का संदेश देते हुए सभी का मनोरंजन किया।

महिला सशक्तिकरण की दिशा में बालको की पहल- उन्नति उत्सव’ कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को वित्तीय स्वतंत्रता, आत्मनिर्भरता एवं अभिव्यक्ति का अवसर प्रदान करना है। यह आयोजन समावेशी, आत्मनिर्भर और प्रगतिशील समाज के निर्माण के लिए बालको की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है। पुरस्कृत महिलाओं ने महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में बालको के योगदान को उत्कृष्ट बताया। उन्होंने साझा किया कि बालको की सहायता से उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आए हैं और वे अब आत्मनिर्भर होकर अपने परिवार की मदद कर पा रही हैं।बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक श्री राजेश कुमार ने ‘उन्नति उत्सव’ की सराहना करते हुए कहा, “हम सभी अपने समाज को सकारात्मक रूप से बदलने के लिए एकजुट हैं। महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए बालको की ‘उन्नति परियोजना’ के तहत कई अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। हमें गर्व है कि यह पहल महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उनकी स्वतंत्र पहचान स्थापित करने में सहायक बन रही है।”मुख्य अतिथि संजू देवी राजपूत ने भी बालको के सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह पहल स्थायी आजीविका और सशक्तीकरण को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। साथ ही, उन्होंने स्व सहायता समूह की महिलाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए जागरूक करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

प्रोजेक्ट उन्नति- महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कदम‘उन्नति उत्सव’ में वेदांता स्किल स्कूल, मोर जल मोर माटी, नयी किरण, आरोग्य, उन्नति, प्रोजेक्ट कनेक्ट एवं नंद घर परियोजनाओं के स्टॉल भी लगाए गए, जहां बालको की सामुदायिक विकास पहलों की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त, उत्सव में निशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं दवाइयों का वितरण भी किया गया।‘प्रोजेक्ट उन्नति’ का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर उन्हें सशक्त बनाना, उद्यमिता को प्रोत्साहित करना और स्थायी आजीविका के निर्माण के लिए उनके कौशल को विकसित करना है। इस परियोजना से 534 से अधिक स्वयं सहायता समूह जुड़े हुए हैं, जिनमें 5,800 से अधिक महिलाएं प्रशिक्षण प्राप्त कर लाभान्वित हो रही हैं।माइक्रो एंटरप्राइज के तहत ‘उन्नति कैफे ऑन व्हील्स’ और ‘चाय बिहान’ जैसे उपक्रमों को सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है, जिससे महिलाओं को रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं। यह परियोजना स्वयंसेवी संगठन GPR Strategies & Solutions के सहयोग से संचालित की जा रही है।बालको की इस पहल ने महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में एक नई मिसाल कायम की है, जिससे वे न केवल आत्मनिर्भर बन रही हैं, बल्कि समाज के आर्थिक विकास में भी योगदान दे रही हैं।







