Korbavani.com – जिले के कुसमुंडा क्षेत्र के कुचैना मोड़ से इमलीछापर चौक तक सड़क का निर्माण कार्य अधूरा पड़ा हुआ है, जिससे इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क के कई हिस्सों में गहरे गड्ढे और कटी-फटी सड़क हालत में हैं, जो दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। सड़क पर जगह-जगह धूल और कीचड़ जमा होने के कारण वाहन चालकों को संतुलन बनाए रखने में मुश्किल हो रही है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क निर्माण कार्य कई महीनों से अधूरा पड़ा हुआ है और संबंधित विभाग से बार-बार शिकायत करने के बावजूद कोई समाधान नहीं निकला। एक स्थानीय नागरिक ने बताया, “हम रोजाना इस रास्ते से गुजरते हैं, लेकिन सड़क की हालत इतनी खराब है कि कभी भी किसी बड़े हादसे का शिकार हो सकते हैं।”राहगीरों का कहना है कि सड़क निर्माण का कार्य जल्द पूरा किया जाए, ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके और लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से त्वरित कार्रवाई की अपील की है, ताकि इस जर्जर सड़क को जल्द सुधारा जा सके।




