Uncategorized

इंडस पब्लिक स्कूल दीपका में मां के सम्मान में सजा मंच, मातृ दिवस पर भावुक हुए विद्यार्थी और अभिभावक…

Korbavani.com। इंडस पब्लिक स्कूल दीपका में मातृ दिवस के अवसर पर भावनात्मक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में मां के प्रति सम्मान, प्रेम और कृतज्ञता की भावना विकसित करना था। विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों ने गीत, कविता, नृत्य और भाषण की शानदार प्रस्तुतियों से उपस्थित अभिभावकों का मन मोह लिया।कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने “मां” के महत्व को दर्शाने वाली आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। नन्हे बच्चों के गीत और नृत्य ने माहौल को भावुक बना दिया। कई विद्यार्थियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि मां ही जीवन की प्रथम गुरु होती है, जिनके संस्कार और मार्गदर्शन से व्यक्ति सफलता की राह पर आगे बढ़ता है। इस अवसर पर कार्ड मेकिंग, कविता पाठ, चित्रकला और “माय मदर, माय हीरो” विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। माताओं के लिए मनोरंजक खेल और गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें उन्होंने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यालय के हिंदी विभागाध्यक्ष हेमलाल श्रीवास ने अपनी मार्मिक कविताओं से कार्यक्रम को भावनात्मक रंग दिया। डीएवी पब्लिक स्कूल गेवरा के प्राचार्य टी.पी. राव ने कहा कि मां के त्याग और समर्पण की मिसाल पूरी दुनिया में कहीं नहीं मिलती। मां ममता और प्रेम की साक्षात प्रतिमूर्ति है तथा जीवनभर सम्मान और स्नेह की अधिकारी होती है। एलबीएस कॉलेज बलौदा की प्राचार्य दीपा मलिक ने कहा कि मां हर परिस्थिति में अपने परिवार और बच्चों के लिए समर्पित रहती है। वह हर दर्द सहकर भी अपने बच्चों के चेहरे पर मुस्कान देखना चाहती है। मां के बिना सृष्टि अधूरी है। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजय गुप्ता ने कहा कि मातृ दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि मां के त्याग, प्रेम और समर्पण को सम्मान देने का अवसर है। उन्होंने कहा कि मां बच्चे की पहली गुरु होती है, जो उसे संस्कार, अनुशासन और जीवन के सही मार्ग पर चलना सिखाती है। महान व्यक्तित्वों के निर्माण में माताओं की भूमिका सदैव प्रेरणादायी रही है ।कार्यक्रम का संचालन ईशा राय चौधरी ने किया। अंत में सभी माताओं को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। पूरे आयोजन में विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों का उत्साह देखने योग्य रहा।

Kush Sharma

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button