Uncategorized

पाली पुलिस ने सुलझाई अज्ञात अधजली महिला की हत्या की गुत्थी, आरोपी ने अपने वाहन चालक के साथ मिलकर की योजनाबद्ध हत्या..

Korbavani.com – जिला पुलिस प्रशासन ने आज जानकारी दी कि 3 मार्च को बगदरा निवासी एक व्यक्ति ने थाना पाली में सूचना दी कि वह अपने पुत्र के साथ लकड़ी लेने गिधराईलमाड़ा पहाड़ किनारे गया था, जहां एक अज्ञात महिला का अधजला शव पड़ा हुआ था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग क्रमांक-19/2025 धारा 194 BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मृतका की हुई पहचान- जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर मृतका की पहचान शशिकला पुलस्त, निवासी ग्राम लाद, थाना कोरबी के रूप में हुई। मृतका के भाई अशोक ने शव के अवशेषों में मिली अंगूठी और ब्रेसलेट से उसकी पहचान की। पूछताछ में पता चला कि शशिकला वर्ष 2018 से कथित आरोपी, जो एक हाई स्कूल शिक्षक है, के साथ रह रही थी।

हत्या की वजह और साजिश- जांच में सामने आया कि मृतका आरोपी से लगातार पैसों की मांग कर रही थी, जिससे परेशान होकर उसने हत्या की साजिश रची। 28 फरवरी की रात लगभग 12 बजे, आरोपी ने अपने वाहन चालक के साथ मिलकर गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। शव को ठिकाने लगाने के लिए उसे वाहन में डालकर बगदरा जंगल ले गए और पेट्रोल डालकर जला दिया।

आरोपियों की गिरफ्तारी- मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने पाली के एक होटल के पास घेराबंदी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त वाहन गवाहों की उपस्थिति में जप्त किया गया।

विशेष टीम की तत्परता से खुला मामला- प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए कोरबा जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नीतीश ठाकुर, साइबर प्रभारी रविंद्र कुमार मीणा, तथा एसडीओपी कटघोरा पंकज ठाकुर के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई। उनके कुशल नेतृत्व में इस जघन्य अपराध का शीघ्र खुलासा किया गया। पाली पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

Kush Sharma

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button