Korbavani.com- कोरबा वनांचल क्षेत्र में विद्युत कंपनी के अफसरों की लापरवाही से ग्रामीण क्षेत्र में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई हैं। बिजली कटौती का कोई समय नहीं हैं। दिन में बिजली दर्जनों बार आती जाती हैं और मनमानी ढंग से विद्युत कटौती तो हो रही है, उस पर कभी कम वोल्टेज तो कभी अधिक वोल्टेज की समस्या से भी ग्रामीण जूझ रहे है और विद्युत उपकरण भी खराब हो रहे हैं। इसके अतिरिक्त किसानों को भी उचित बिजली नहीं मिल पा रही हैं। जनपद पोड़-उपरोड़ा क्षेत्र ग्राम पंचायत घुंचापुर एवं अन्य मोहल्ले में लगा ट्रांसफार्मर 15 दिनों से खराब हो गया है। खराबी के चलते बिजली की मात्रा कभी कम तो कभी ज्यादा हुई जिससे लोगों के विद्युत उपकरण भी खराब हो गए। ट्रांसफार्मर खराब की सूचना मोहल्लेवासियों द्वारा विद्युत कंपनी को दी गई। विद्युत कंपनी के द्वारा आज तक ट्रांसफार्मर को ठीक नहीं किया गया, जिससे मोहल्लेवासियों को मुसीबत झेलनी पड़ रही हैं। बिजली नहीं होने के कारण पानी की समस्या से भी लोग जूझ रहे है। पानी के लिए लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही हैं। वहीं रात्रि में मच्छरों से बीमारियों का खतरा बना हुआ है। मोहल्लेवासियों का कहना है कि हम बिजली बिल समय से जमा करते हैं उसके बावजूद आज 15 दिनों से अंधेरा छाया हुआ हैं। जो लोग बिजली बिल जमा नहीं करते उनका कनेक्शन बिजली विभाग द्वारा क्यों नहीं काटा जाता हैं। ऐसे में बिजली बिल जमा करने वाले लोगों में आक्रोश बना हुआ है। क्योंकि बिजली बिल जमा करने के बावजूद भी बिजली नहीं मिल पा रही है। सबसे ज्यादा अनुसूचित जाति जनजाति के लोगों को बिजली नहीं मिलने से परेशानिया झेलनी पड़ रही हैं। विद्युत कंपनी द्वारा इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा हैं। विद्युत कंपनी के अफसरो की लापरवाही के चलते 15 दिनों के बाद भी ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया जिससे वार्डवासियों की बिजली समस्या जस की तस बनी हुई हैं।





