Korbavani.com- 80 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत गुरसिया में विभिन्न शैक्षणिक एवं शासकीय संस्थानों में उत्साहपूर्वक ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। हाईस्कूल गुरसिया, सरस्वती शिशु मंदिर, ग्राम पंचायत भवन तथा उप स्वास्थ्य केंद्र में ध्वजारोहण कर देश के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया गया।हाईस्कूल गुरसिया में ग्राम के वरिष्ठ नागरिक विजय पाल सिंह तंवर, अलक राम प्रेता, शाला प्रबंध समिति अध्यक्ष कांता प्रताप सिंह तंवर एवं प्राचार्य पी.एस. कंवर की उपस्थिति में ध्वजारोहण किया गया। कार्यक्रम से पहले भारत माता एवं राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर तिलक लगाकर नारियल फोड़ा गया और पुष्पमाला अर्पित की गई। इसके बाद सभी ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया।वहीं प्रभात फेरी के बाद पंचायत भवन परिसर में सरपंच, सचिव, सरस्वती शिशु मंदिर के विद्यार्थियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों की मौजूदगी में ध्वजारोहण किया गया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति के नारों के साथ कार्यक्रम में उत्साह बढ़ाया। उप स्वास्थ्य केंद्र गुरसिया में स्वास्थ्य केंद्र के स्टाफ एवं मितानिनों द्वारा ध्वजारोहण किया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण भी किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण के साथ राष्ट्रहित में जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।


















