Uncategorized

राज्योत्सव में बालको के पैवेलियन को मिला तीसरा पुरस्कार, महिला नेतृत्व और तकनीकी नवाचार की रही खास झलक…

Korbavani.com। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव-2026 में भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने अपनी प्रभावशाली प्रदर्शनी के जरिए विशेष पहचान बनाई। सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्र के उपक्रम श्रेणी में बालको के प्रदर्शनी पैवेलियन को तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बालको की संवाद प्रमुख शुभ्रा आर. और जनसंपर्क अधिकारी विजय बाजपेयी को यह पुरस्कार प्रदान किया।नवा रायपुर अटल नगर स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्योग एवं व्यापार परिसर में 1 से 3 नवंबर तक आयोजित तीन दिवसीय राज्योत्सव में बालको ने औद्योगिक विकास, महिला नेतृत्व, तकनीकी नवाचार और सामुदायिक विकास से जुड़ी उपलब्धियों को प्रदर्शित किया। पैवेलियन की थीम ‘महिला शक्ति से विकसित भारत की नई उड़ान’ रखी गई थी। इसके माध्यम से औद्योगिक और सामाजिक-आर्थिक प्रगति में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को प्रमुखता से दर्शाया गया।प्रदर्शनी में बालको की विनिर्माण क्षमता और भारतीय एल्युमिनियम उद्योग में कंपनी के योगदान की जानकारी दी गई। पैवेलियन का प्रमुख आकर्षण भारत के पहले और सबसे बड़े 525 किलो-एम्पीयर एल्युमिनियम स्मेल्टर का मॉडल रहा। इसके जरिए आगंतुकों को आधुनिक तकनीक, उत्पादन प्रक्रिया और एल्युमिनियम की संपूर्ण मूल्य श्रृंखला से परिचित कराया गया। साथ ही बुनियादी ढांचे के विकास, राष्ट्र निर्माण और आत्मनिर्भर भारत में एल्युमिनियम की महत्वपूर्ण भूमिका को भी समझाया गया। बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं पूर्णकालिक निदेशक राजेश सिंह ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि यह सम्मान पूरी टीम के सामूहिक प्रयास और उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है। औद्योगिक प्रगति के साथ सामाजिक विकास को आगे बढ़ाना कंपनी की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि तकनीक और नवाचार के जरिए विनिर्माण क्षमता मजबूत करने के साथ महिलाओं को अवसर उपलब्ध कराने, समुदायों को सशक्त बनाने और छत्तीसगढ़ के विकास में योगदान देने के लिए बालको निरंतर प्रयासरत है।वहीं, बालको के हेड कॉरपोरेट अफेयर्स एवं एडमिनिस्ट्रेशन कैप्टन धनंजय मिश्रा ने कहा कि सतत विकास के लिए लोगों और समुदायों का सशक्त होना जरूरी है। कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण और सतत कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में कंपनी की पहल लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाने और दीर्घकालिक सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन रही है।बालको ने पैवेलियन में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, युवा कौशल विकास और आजीविका संवर्धन से जुड़ी गतिविधियों को भी प्रदर्शित किया। कंपनी के अनुसार, इन पहलों के माध्यम से 128 गांवों में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ 1.8 लाख से अधिक लोगों तक पहुंच बनाई गई है।राज्योत्सव के तीनों दिन बालको के पैवेलियन में प्रदेशभर से पहुंचे नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने रुचि दिखाई। पुरस्कार के साथ बालको ने औद्योगिक उत्कृष्टता, महिला नेतृत्व और समावेशी सामुदायिक विकास के क्षेत्र में अपनी उपलब्धियों को राज्यस्तरीय मंच पर प्रदर्शित किया।

Kush Sharma

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button