उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने 33/11 केवी विद्युत सब-स्टेशन का किया भूमिपूजन…
Korbavani.com। बालकोनगर क्षेत्र के ग्राम जामबहार में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नया विद्युत सब-स्टेशन स्थापित किया जाएगा। मंगलवार को उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने 3 करोड़ 40 लाख रुपए की लागत से बनने वाले 33/11 केवी विद्युत सब-स्टेशन का भूमिपूजन किया। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड द्वारा 5 एमवीए क्षमता वाले ट्रांसफार्मर से युक्त यह सब-स्टेशन तैयार किया जाएगा। इसके निर्माण से जामबहार सहित आसपास के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। जानकारी के अनुसार नए सब-स्टेशन से रूमगरा, बेलगिरी बस्ती, मदरसा मोहल्ला, हवाई पट्टी, खान मोहल्ला और जोगियाडेरा जैसे शहरी क्षेत्रों को लाभ मिलेगा। वहीं जामबहार, रोकबहरी, सोनपुरी, परसाखोला, बेला और चुहिया सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी विद्युत आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी। नए सब-स्टेशन के शुरू होने के बाद क्षेत्र के साढ़े चार हजार से अधिक बिजली उपभोक्ताओं को सीधे लाभ मिलने की उम्मीद है। साथ ही आसपास के मौजूदा सब-स्टेशनों पर पड़ रहे अतिरिक्त विद्युत भार में कमी आएगी, जिससे बिजली आपूर्ति में होने वाली दिक्कतों को दूर करने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह ने विद्युत सुविधाओं के विस्तार को क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। जिला पंचायत सदस्य रेणुका राठिया ने वन क्षेत्र से घिरे जामबहार और आसपास के गांवों में बेहतर बिजली व्यवस्था की आवश्यकता पर जोर दिया।भूमिपूजन कार्यक्रम में रफीक मेमन, पार्षद नरेंद्र देवांगन, सीमा कंवर, जामबहार सरपंच उपन सिंह कंवर सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। परियोजना पूरी होने के बाद क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था में सुधार के साथ उपभोक्ताओं को अधिक स्थिर और बेहतर बिजली आपूर्ति मिलने की उम्मीद है।




