Korbavani.com- जिले के जनपद पंचायत पोंड़ी उपरोड़ा अंतर्गत ग्राम पंचायत नवापारा में पदस्थ सचिव रामेश्वर राजवाड़े द्वारा पंचायत भवन में शराब के नशे में लुढ़कते हुए पहुंचने और इसका वीडियो वायरल होने और खबर प्रकाशन के बाद जनपद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की है। सचिव को उनके पद से अस्थायी रूप से हटा दिया गया है और पंचायत की जिम्मेदारी अब दूसरे सचिव को सौंप दी गई है। 24 मई को वायरल हुए पहले वीडियो के बाद प्रशासन ने केवल दो दिन का कारण बताओ नोटिस देकर मामला शांत कर दिया था, लेकिन 13 जून को दूसरा वीडियो सामने आते ही जनता में भारी आक्रोश फूट पड़ा। पंचायत की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले इस दोहराए गए कृत्य ने प्रशासन को कड़ा कदम उठाने पर मजबूर कर दिया।
नवीन आदेश: सचिव हटे– नया प्रभार सौंपा गया– सचिव रामेश्वर राजवाड़े को तत्काल प्रभाव से जनपद कार्यालय में अस्थायी रूप से संलग्न कर दिया गया है। उनके स्थान पर ग्राम पंचायत मेरई के सचिव अशोक दास महंत को नवापारा पंचायत का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है, जो आगामी आदेश तक यह जिम्मेदारी संभालेंगे।
पंचायत में फिर लौटी व्यवस्था, जनता ने ली राहत की सांस– सचिव बदलाव के बाद पंचायत कार्यालय में अनुशासन और नियमित कार्यप्रणाली का असर दिखने लगा है। ग्रामीणों ने नए सचिव के व्यवहार और समय पर उपस्थिति की सराहना की है। पंचायत में रुके कामों को फिर से गति मिल रही है। हालांकि सचिव राजवाड़े को फिलहाल केवल अस्थायी रूप से हटाया गया है, लेकिन स्थानीय जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों की मांग है कि बार-बार शराब सेवन और लापरवाही बरतने वाले अधिकारी पर स्थायी बर्खास्तगी जैसी कठोर कार्रवाई हो। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि यदि समय रहते ठोस निर्णय नहीं लिए गए तो पंचायत व्यवस्था की छवि खराब होती रहेगी।





