हादसे के बाद चालक फरार, राहगीरों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया..
Korbavani.com । जिले के भैसमा-उरगा मुख्य मार्ग पर कूकरीचोली पेट्रोल टंकी के पास शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कोयला लदे ट्रेलर ने दो बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कोरबा जनपद के पूर्व उपाध्यक्ष विक्की कंवर सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों के मुताबिक, ट्रेलर तेज गति में था और अचानक अनियंत्रित होकर बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। वहीं आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल डायल 112 को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फरार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी गई है। फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। यह घटना सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा रही है।




