Uncategorized

Korba Breaking- नेशनल हाईवे पर ट्रक और विंगर में जबरदस्त टक्कर- शिक्षक-शिक्षिकाएं घायल, दो की हालत गंभीर, तेज रफ्तार और लापरवाही बनी हादसे की वजह…

Korbavani.com। कटघोरा-अम्बिकापुर नेशनल हाईवे (NH-130) पर गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तानाखार के पास तेज रफ्तार ट्रक और यात्री विंगर के बीच आमने-सामने की टक्कर में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विंगर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार 12 में से 5 से 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से दो की हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद कुछ घायलों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विंगर चालक ने ओवरटेक करने की कोशिश की, उसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से टक्कर हो गई। दोनों वाहनों की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे टक्कर अत्यंत भीषण हो गई। इस हादसे ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया कि हाईवे पर तेजगति और लापरवाही जानलेवा साबित हो रही है। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि बीते कुछ महीनों में जिले में सड़क हादसों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है। प्रशासन द्वारा लगातार सख्ती और जागरूकता अभियान चलाने के बावजूद वाहन चालकों की लापरवाही थमने का नाम नहीं ले रही। खासकर नेशनल हाईवे पर ओवरटेक और तेज रफ्तार के चलते कई जानलेवा घटनाएं हो चुकी हैं।प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वाहन चलाते समय सतर्कता बरतें और गति सीमा का पालन करें, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

Kush Sharma

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button