Uncategorized

Korba Breaking- नगाई राशन घोटाला- स्टॉक में भारी कमी, पूर्व सरपंच सहित चार के खिलाफ एफआईआर की तैयारी…

Korbavani.com। पाली विकासखंड के ग्राम पंचायत नगाई में संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकान (आईडी क्र. 552004025) में खाद्यान्न वितरण में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी सामने आई है। ग्रामीणों की लगातार शिकायतों के बाद अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पाली के निर्देश पर हुई जांच में स्टॉक में भारी कमी उजागर हुई है।ग्राम लोहड़िया के हितग्राहियों ने आरोप लगाया कि पिछले तीन से चार माह से उन्हें राशन नहीं दिया गया, जबकि विक्रेता द्वारा बायोमेट्रिक फिंगरप्रिंट लिए जाते रहे। 26 फरवरी 2026 को खाद्य निरीक्षक की टीम ने मौके पर पहुंचकर भौतिक सत्यापन किया। जांच में दुकान के वास्तविक स्टॉक और ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज आंकड़ों में गंभीर अंतर पाया गया। जांच प्रतिवेदन के अनुसार 87.49 क्विंटल चावल, 3.43 क्विंटल शक्कर और 6.12 क्विंटल नमक कम मिला, जबकि 7.60 क्विंटल चना अधिक पाया गया। प्रारंभिक तौर पर इसे गंभीर वित्तीय अनियमितता और संभावित गबन का मामला माना जा रहा है।जांच में यह भी सामने आया कि वर्ष 2021 से दुकान का संचालन तत्कालीन सरपंच जयपाल सिंह तंवर के प्रभाव में किया जा रहा था तथा विक्रेता के रूप में विजयपाल सिंह तंवर की नियुक्ति की गई थी। वर्तमान सरपंच को अब तक दुकान का विधिवत प्रभार हस्तांतरित नहीं किया गया है। प्रथम दृष्टया मामला छत्तीसगढ़ सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश 2016 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के उल्लंघन से संबंधित पाया गया है।मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पाली ने वर्तमान सरपंच, ग्राम पंचायत सचिव, पूर्व सरपंच और विक्रेता को अलग-अलग कारण बताओ नोटिस जारी किया है। निर्धारित अवधि में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधितों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कठोर एकपक्षीय कार्रवाई की जाएगी।

Kush Sharma

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button