Korbavani.com- कोरबा जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत कटघोरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नेशनल हाईवे स्थित कंचन ढाबा को सील कर दिया। यह कार्रवाई लगातार मिल रही शिकायतों और पूर्व में हुई कार्रवाई के बावजूद अवैध गतिविधियां जारी रहने के चलते की गई।जानकारी के अनुसार, तानाखार क्षेत्र में संचालित कंचन ढाबा से कुछ दिन पहले ही भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब जब्त की गई थी और संचालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था। इसके बावजूद ढाबे में अवैध शराब से जुड़ी गतिविधियां बंद नहीं हुईं, जिससे प्रशासन को सख्त कदम उठाना पड़ा।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राजस्व विभाग के निर्देश पर पुलिस की मौजूदगी में ढाबा परिसर को विधिवत सील किया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल तैनात रहा और पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से पूरी की गई।पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में चल रहे सजग कोरबा – सतर्क कोरबा अभियान के तहत अवैध शराब कारोबार पर लगातार नजर रखी जा रही है। सभी ढाबा संचालकों को चेतावनी दी गई है कि यदि कहीं भी अवैध शराब की बिक्री या सेवन पाया गया, तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में पुलिस टीम की सतर्कता और सक्रियता अहम रही, जिसके चलते अभियान को प्रभावी रूप से अंजाम दिया गया।
पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत दें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।




