SDO के निर्देश पर मौके पर पहुंचे इंजीनियर, गुणवत्ता सुधार के दिए निर्देश, निर्माण कार्य में पारदर्शिता पर जोर..
Korbavani.com । पोड़ी-उपरोड़ा जनपद के ग्राम पंचायत गुरसिया में आंगनबाड़ी भवन निर्माण में सामने आई अनियमितताओं की खबर का त्वरित असर देखने को मिला है। खबर प्रकाशित होते ही प्रशासन हरकत में आया और महज कुछ घंटों के भीतर SDO के निर्देश पर विभागीय इंजीनियर विवेक अग्रवाल की टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान इंजीनियर विवेक अग्रवाल ने निर्माण की गुणवत्ता का बारीकी से जायजा लिया और कार्य में आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट रूप से कहा गया कि निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या पुराने मटेरियल का उपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने निर्माण एजेंसी को गुणवत्तापूर्ण सामग्री के उपयोग और मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि निर्माण कार्य में पूरी पारदर्शिता बरती जाएगी और किसी भी तरह की गड़बड़ी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। मौके पर मौजूद टीम ने यह भी संकेत दिए कि आगे भी कार्य की सतत निगरानी की जाएगी, ताकि बच्चों के लिए सुरक्षित और मजबूत भवन तैयार हो सके।प्रशासन की इस त्वरित पहल से ग्रामीणों में उम्मीद जगी है कि अब आंगनबाड़ी भवन का निर्माण तय मानकों के अनुसार होगा। “खबर का असर” के रूप में सामने आई इस कार्रवाई ने यह साबित किया है कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर प्रशासन सजग है और शिकायतों पर तत्काल संज्ञान लेकर कार्रवाई कर रहा है।




