जिले में घरेलू एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता, अवैध भंडारण व ब्लैक मार्केटिंग पर सख्त कार्रवाई के निर्देश..
Korbavani.com । अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे संघर्ष से जुड़ी अफवाहों के बीच रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की संभावित कमी को लेकर फैल रही भ्रामक खबरों पर जिला प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने और अफवाहों से बचने की अपील की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में घरेलू एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। रसोई गैस के अवैध भंडारण, ब्लैक मार्केटिंग तथा अधिक कीमत पर बिक्री जैसी गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से कलेक्टर कुणाल दुदावत ने गैस वितरक एजेंसियों की बैठक लेकर आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में स्पष्ट किया गया कि जिले में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है, इसलिए किसी भी प्रकार की अफवाह या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।बैठक में बताया गया कि विभिन्न माध्यमों से रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर भ्रामक और अपुष्ट जानकारी प्रसारित की जा रही है। इस पर प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले में घरेलू एलपीजी गैस का पर्याप्त भंडारण उपलब्ध है और आपूर्ति व्यवस्था सामान्य है। उपभोक्ताओं को सुचारु और पारदर्शी गैस वितरण व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए गैस एजेंसियों को निर्देशित किया गया कि गैस सिलेंडर की डिलीवरी बुकिंग तिथि के अनुक्रम और फर्स्ट कम, फर्स्ट सर्व के आधार पर ही की जाए। साथ ही प्रत्येक सिलेंडर की डिलीवरी ओटीपी ऑथेंटिकेशन के माध्यम से सुनिश्चित करने और बिना ओटीपी के सिलेंडर की डिलीवरी नहीं करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा किसी भी उपभोक्ता को 25 दिनों से पहले दोबारा सिलेंडर जारी नहीं किया जाएगा। गैस एजेंसियों को प्रतिदिन अपने स्टॉक की जानकारी खाद्य शाखा को उपलब्ध कराने तथा किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तत्काल संबंधित अधिकारियों को देने के निर्देश भी दिए गए हैं। साथ ही स्कूलों, आश्रमों, छात्रावासों और अस्पतालों को प्राथमिकता के आधार पर गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया है।प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर के व्यवसायिक उपयोग या दुरुपयोग की शिकायत मिलने पर संबंधित संस्थान और गैस वितरक दोनों की जांच की जाएगी तथा अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।बैठक में अपर कलेक्टर देवेन्द्र पटेल, जिला खाद्य अधिकारी जी.एस. कंवर सहित इंडियन ऑयल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों और भ्रामक खबरों पर विश्वास न करें। किसी भी जानकारी की पुष्टि केवल अधिकृत शासकीय स्रोतों से ही करें और अपुष्ट सूचनाओं का प्रसार करने से बचें। साथ ही अनावश्यक रूप से गैस या ईंधन का संग्रहण न करें और जिम्मेदार नागरिक के रूप में केवल सही और प्रमाणित जानकारी ही साझा करें।




