Korbavani.com। ONC बार और पाम मॉल परिसर में 6 जुलाई की रात शराब के नशे में उपद्रव करने की घटना में कोरबा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वायरल वीडियो की तस्दीक के बाद आरोपी युवक अभिषेक सिंह उर्फ छोटू (31 वर्ष, निवासी मुड़ापार) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। घटना में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी (CG 12 BF 3700) भी जब्त कर ली गई है।
वीडियो वायरल, पुलिस से की थी बदसलूकी- घटना के दौरान युवक और युवती ने न सिर्फ सरेआम उत्पात मचाया, बल्कि मौके पर पहुंची पुलिस टीम से भी अभद्रता की। यह पूरा वाकया सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें युवती का “हाई वोल्टेज ड्रामा” चर्चित हो गया था। पुलिस ने सीएसईबी चौकी में अपराध क्रमांक 410/2025 धारा 296, 132, 221, 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्य कर रही टीम ने वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी की पहचान कर गिरफ्तारी की।
ONC बार पर कार्रवाई जरूरी– पुलिस की कार्रवाई जहां सराहनीय है, वहीं इस पूरे घटनाक्रम ने ONC बार जैसे स्थानों की निगरानी व्यवस्था और समयसीमा पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। देर रात तक शराब परोसना, सुरक्षा गार्डों की निष्क्रियता और अव्यवस्था, इन सब पर प्रशासन को ध्यान देने की आवश्यकता है। यदि समय रहते बार प्रबंधन पर सख्त नियंत्रण नहीं किया गया, तो ऐसी घटनाएं भविष्य में और अधिक बढ़ सकती हैं। कोरबा में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए इन बारों के संचालन पर कड़ी निगरानी जरूरी है।
पुलिस की अपील– कोरबा पुलिस ने जनता से अपील की है कि—शराब सेवन संयमित करें, सार्वजनिक स्थानों पर नशा कर हंगामा न करें। नशे में वाहन चलाने से बचें, ऐसा करने पर वाहन जप्त किया जाएगा। वायरल और भ्रामक वीडियो से बचें, अवैध गतिविधियों में शामिल होने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर सख्त संदेश दिया है, लेकिन बार प्रबंधन पर लगाम कसने की जरूरत बनी हुई है। कानून व्यवस्था के साथ शहर का सामाजिक संतुलन बनाए रखने के लिए यह जरूरी कदम होगा।




