भाजपा नेत्री पर एससी/एसटी एक्ट की माँग, सर्व आदिवासी समाज ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी..
Korbavani.com- छत्तीसगढ़ बांकीमोंगरा थाना परिसर में आदिवासी किसान बलवंत सिंह कंवर के साथ कथित मारपीट मामले ने तूल पकड़ लिया है। आरोप है कि भाजपा नेत्री ज्योति महंत एवं उनके सहयोगियों ने 7 जून को ग्राम बरेडिमुड़ा निवासी किसान को जातिगत अपशब्द कहते हुए रावणभाठा मार्ग पर पीटा और फिर उसे घसीटते हुए थाना परिसर लाया गया, जहां दोबारा मारपीट की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें अपमानजनक भाषा का स्पष्ट प्रमाण दिख रहा है। इसके बावजूद पुलिस की निष्क्रियता पर सवाल उठ रहे हैं।
राजनीतिक गरमाहट- रामपुर विधायक फूल सिंह राठिया ने एसपी को पत्र लिखकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की माँग की है। उधर, भाजपा नेत्री ज्योति महंत जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष सहित समर्थकों के साथ एसपी कार्यालय पहुँचीं, जिसे संभावित गिरफ्तारी से पहले बचाव की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।
सर्व आदिवासी समाज की चार सूत्रीय माँगें– आरोपी भाजपा नेत्री व साथियों पर एससी/एसटी एक्ट समेत संगत धाराओं में तत्काल एफआईआर व गिरफ्तारी। पीड़ित को पुलिस सुरक्षा, समुचित इलाज व 1 लाख मुआवजा। थाना परिसर की सीसीटीवी फुटेज को सबूत के रूप में सुरक्षित किया जाए। बांकीमोंगरा थाना स्टाफ पर उच्च स्तरीय जांच बैठाई जाए।
भाजपा के भीतर से ही उठे सवाल– जनता का कहना है कि जब राज्य के मुख्यमंत्री ही आदिवासी समाज से आते हैं, फिर उन्हीं की पार्टी की महिला नेता द्वारा एक गरीब आदिवासी किसान को थाने में पीटा जाना बेहद शर्मनाक है। लोग पूछ रहे हैं “क्या भाजपा सरकार में आदिवासियों की सुरक्षा सिर्फ भाषणों तक सीमित है?
उग्र आंदोलन की चेतावनी- सर्व आदिवासी समाज ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो ज़िला स्तर पर उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा। समाज ने कहा— “यह हमला सिर्फ एक व्यक्ति पर नहीं, बल्कि पूरे आदिवासी अस्मिता पर हमला है।




