Uncategorized

Korba Breaking- विदेशी नौकरी का झांसा देकर म्यांमार में बनाया बंधक, साइबर ठगी कराने वाली महिला गिरफ्तार…

बैंकॉक में नौकरी का लालच देकर पीड़िता को ‘KK Park’ पहुंचाने का आरोप, पासपोर्ट जब्त कर ऑनलाइन ठगी के लिए किया गया मजबूर..

Korbavani.com। विदेश में आकर्षक नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवती को म्यांमार के कुख्यात ‘KK Park’ में बंधक बनाने और उससे ऑनलाइन साइबर ठगी कराने के मामले में कोरबा पुलिस ने एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि गिरोह के सदस्यों ने पीड़िता को बैंकॉक में ऑफिस असिस्टेंट की नौकरी दिलाने का प्रलोभन दिया और बाद में उसे म्यांमार पहुंचाकर साइबर ठगी के काम में लगा दिया। मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से रिमांड प्राप्त की गई है। पुलिस के अनुसार, थाना दर्री क्षेत्र की निवासी प्रार्थिया ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने फेसबुक पर बैंकॉक में ऑफिस असिस्टेंट की नौकरी का विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में करीब 30 हजार थाई भाट प्रतिमाह वेतन देने की बात कही गई थी। नौकरी की उम्मीद में उसने विज्ञापन के माध्यम से संपर्क किया। इसके बाद आरोपी महिला लीजा और उसके साथियों ने उसे बेंगलुरु बुलाया। वहां से फ्लाइट के जरिए थाईलैंड ले जाया गया और फिर सीमा पार कराकर म्यांमार के ‘KK Park’ पहुंचा दिया गया। पीड़िता के मुताबिक, वहां पहुंचने के बाद उसका पासपोर्ट जब्त कर लिया गया और उसे बंधक बनाकर प्रताड़ित किया गया। आरोपियों ने उसे फर्जी सोशल मीडिया आईडी के माध्यम से ऑनलाइन ट्रेडिंग और निवेश के नाम पर लोगों से ठगी करने के लिए मजबूर किया। इस तरह नौकरी का सपना दिखाकर उसे साइबर अपराध के नेटवर्क में फंसाने का आरोप है।दूतावास की मदद से सुरक्षित भारत लौटी पीड़िता- मामले में भारतीय दूतावास और स्थानीय प्रशासन की सहायता से पीड़िता को सुरक्षित भारत वापस लाया गया। इसके बाद उसकी शिकायत पर थाना दर्री, जिला कोरबा में अपराध क्रमांक 331/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 143(2) और 146 में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।विवेचना के दौरान मामले में संलिप्तता पाए जाने पर पुलिस ने स्नेहा भथलाल बडोले (35 वर्ष), निवासी जिला गोंदिया, महाराष्ट्र को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने रिमांड प्राप्त की। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका, उनके डिजिटल नेटवर्क और वित्तीय लेन-देन से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।

फर्जी विदेशी नौकरी के विज्ञापनों से सावधान रहें- कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर विदेश में नौकरी दिलाने वाले आकर्षक विज्ञापनों पर बिना सत्यापन भरोसा न करें। किसी भी विदेशी नौकरी के प्रस्ताव को स्वीकार करने से पहले संबंधित कंपनी, भर्ती एजेंसी, वीजा और यात्रा संबंधी दस्तावेजों की वैधता की जांच करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि साइबर जागरूकता अभियान के तहत ऑनलाइन ठगी, फर्जी नौकरी के प्रस्तावों और सोशल मीडिया के जरिए होने वाले अपराधों के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी।

Kush Sharma

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button