Korbavani.com। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत सितंबर और अक्टूबर के खाद्यान्न वितरण को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने पात्र हितग्राहियों को समय पर राशन उपलब्ध कराने और वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। निर्देश के अनुसार जिले के अंत्योदय, प्राथमिकता, निराश्रित एवं निःशक्तजन राशनकार्डधारियों को सितंबर और अक्टूबर दोनों महीनों का पात्रतानुसार चावल सितंबर माह में ही एकमुश्त वितरित किया जाएगा। वहीं सामान्य राशनकार्डधारियों को पूर्व निर्धारित व्यवस्था के तहत सितंबर माह के मासिक आबंटन के अनुसार खाद्यान्न दिया जाएगा।हितग्राहियों तक समय पर राशन पहुंचाने के लिए नागरिक आपूर्ति निगम, द्वार प्रदाय योजना के अधिकृत परिवहनकर्ताओं और हमाली ठेकेदारों को पर्याप्त वाहन एवं श्रमिक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। उचित मूल्य दुकानों में खाद्यान्न का शत-प्रतिशत भंडारण तत्काल पूरा करने को कहा गया है। 7 सितंबर से जिले की शासकीय उचित मूल्य दुकानों में चावल उत्सव का आयोजन किया जाएगा। दुकान स्तरीय निगरानी समितियों की मौजूदगी में खाद्यान्न वितरण शुरू होगा। प्रशासन ने सभी राशन दुकानों में सूचना पटल पर वितरण संबंधी जानकारी प्रदर्शित करने और स्थानीय मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं, ताकि जानकारी के अभाव में कोई पात्र हितग्राही राशन से वंचित न रहे।राशन वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए ई-पॉस मशीन के एईपीडीएस सॉफ्टवेयर में प्रत्येक माह की राशन सामग्री के उठाव के लिए हितग्राहियों का अलग-अलग बायोमैट्रिक प्रमाणीकरण अनिवार्य किया गया है। वितरण के बाद ई-पॉस मशीन से जनरेट रसीद हितग्राही को देना भी जरूरी होगा। खाद्य, राजस्व और सहकारिता विभाग की संयुक्त टीम वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी करेगी। खाद्यान्न की कालाबाजारी, हेरफेर या किसी भी प्रकार का व्यावर्तन पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ छत्तीसगढ़ सार्वजनिक वितरण प्रणाली नियंत्रण आदेश 2016 और आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
With Product You Purchase
Subscribe to our mailing list to get the new updates!
Lorem ipsum dolor sit amet, consectetur.




