Uncategorized

सात दिन में सड़क सुधार का भरोसा, तहसीलदार के आश्वासन पर ग्रामीणों ने स्थगित किया धरना…

Korbavani.com। पोंड़ी उपरोड़ा से बांगो डेम तक जाने वाली बदहाल सड़क की मरम्मत की मांग को लेकर सिंचाई विभाग के गेट पर चल रहा ग्रामीणों का धरना तहसीलदार के आश्वासन के बाद स्थगित हो गया। प्रशासन ने सड़क की समस्या का सात दिनों के भीतर समाधान कराने का भरोसा दिलाया है। सड़क की जर्जर हालत से परेशान पूर्व जनपद सदस्य भला गोस्वामी, लालपुर सरपंच सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सड़क मरम्मत की मांग को लेकर धरना शुरू किया था। ग्रामीणों का कहना था कि लंबे समय से सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार शिकायत के बावजूद सड़क की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी थी।धरने की जानकारी मिलने पर पोंड़ी उपरोड़ा तहसीलदार मौके पर पहुंचे और आंदोलनरत ग्रामीणों से चर्चा की। ग्रामीणों ने सड़क की बदहाली और पूर्व में की गई शिकायतों की जानकारी देते हुए जल्द मरम्मत की मांग रखी।तहसीलदार ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि सड़क की समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और सात दिनों के भीतर समस्या का समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। प्रशासनिक अधिकारी के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने फिलहाल धरना स्थगित कर दिया।हालांकि ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि सात दिनों में यदि सड़क सुधार को लेकर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो वे फिर से आंदोलन का रास्ता अपना सकते हैं। अब ग्रामीणों की नजर प्रशासन द्वारा दिए गए आश्वासन पर है। सात दिन की समयसीमा में सड़क की बदहाल तस्वीर कितनी बदलती है, यह देखने वाली बात होगी।

Kush Sharma

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button