Uncategorized

सड़क सुरक्षा अभियान में ट्रैफिक पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 859 वाहनों पर कार्रवाई, लाखों रुपये का जुर्माना- मॉडिफाइड बुलेट, नाबालिग चालकों और नो-पार्किंग पर चला पुलिस का डंडा…

Korbavani.com। जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में संचालित “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत यातायात पुलिस एवं जिले के सभी थाना प्रभारियों द्वारा विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान प्रमुख चौक-चौराहों और व्यस्त मार्गों पर चेकिंग प्वाइंट बनाकर वाहनों की सघन जांच की गई। ब्रेथ एनालाइजर के माध्यम से शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच की गई, वहीं बिना नंबर प्लेट और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर, नगर पुलिस अधीक्षक चतुर्वेदी, डीएसपी डी.के. सिंह, एएसआई ईश्वरी लहरे, प्रधान आरक्षक संतोष, मनोज राठौर तथा यातायात पुलिस की टीम की मौजूदगी में चलाए गए अभियान में नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, मॉडिफाइड साइलेंसर, ट्रिपल राइडिंग और नो-पार्किंग जैसे मामलों पर विशेष फोकस किया गया। कार्रवाई के दौरान नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के 47 प्रकरणों में लगभग 93 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। मॉडिफाइड साइलेंसर लगी 88 बुलेट मोटरसाइकिलों के विरुद्ध न्यायालयीन कार्रवाई करते हुए 5 लाख 38 हजार 400 रुपये का समन शुल्क वसूल किया गया। इसके अलावा सर्वमंगला चौक, भवानी मंदिर, ध्यानचंद चौक, जोड़ापुल और राताखार मार्ग सहित विभिन्न स्थानों पर नो-पार्किंग में खड़े भारी वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया गया। इस दौरान 792 ट्रक-ट्रेलरों पर कार्रवाई करते हुए 2 लाख 37 हजार 600 रुपये का समन शुल्क वसूला गया। ट्रिपल राइडिंग करने वाले 20 मोटरसाइकिल चालकों पर भी कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। कोरबा पुलिस ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में शराब पीकर वाहन चलाना और यातायात नियमों की अनदेखी शामिल है। नशे की हालत में वाहन चलाने से चालक की निर्णय क्षमता और प्रतिक्रिया समय प्रभावित होता है, जिससे गंभीर दुर्घटनाओं की आशंका कई गुना बढ़ जाती है। वहीं बिना नंबर प्लेट वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि किसी अपराध की स्थिति में वाहन की पहचान करने में भी बाधा उत्पन्न करता है। पुलिस ने जिलेवासियों से अपील की है कि शराब सेवन के बाद वाहन न चलाएं, वाहन पर वैध नंबर प्लेट अवश्य लगाएं, ट्रैफिक नियमों का पालन करें तथा सुरक्षित और जिम्मेदार यातायात व्यवस्था में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।

Kush Sharma

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button