Korbavani.com। वेदांता एल्यूमिनियम मेटल लिमिटेड की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने पोषण माह 2026 का समापन कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान बच्चों में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने, स्वस्थ खानपान की आदतों को प्रोत्साहित करने और बाल विकास में समुदाय की भागीदारी मजबूत करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित की गईं। बालको की ‘आरोग्य’ परियोजना और ‘नंद घर’ पहल के तहत आयोजित इस अभियान के माध्यम से 28 नंद घरों में 1,500 से अधिक बच्चों, माताओं और उनकी देखभाल करने वालों तक पहुंच बनाई गई। यह पहल भारत सरकार के पोषण अभियान के उद्देश्यों के अनुरूप बच्चों के बेहतर पोषण को बढ़ावा देने पर केंद्रित रही।अभियान के दौरान परिवार वालों को बच्चों के शारीरिक विकास, सीखने की क्षमता और बेहतर स्वास्थ्य में पोषण के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। माताओं और देखभाल करने वालों ने जागरूकता सत्रों, बच्चों के वजन और विकास की जांच तथा संतुलित आहार और खानपान से जुड़ी चर्चाओं में भाग लिया। स्थानीय स्तर पर आसानी से उपलब्ध खाद्य सामग्री से पौष्टिक व्यंजन बनाने का प्रदर्शन भी किया गया, ताकि परिवार इन तरीकों को अपने दैनिक जीवन में अपना सकें।बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं पूर्णकालिक निदेशक राजेश सिंह ने कहा, “हमारी स्वास्थ्य संबंधी परियोजनाएं सभी आयु वर्गों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की जाती हैं। इनमें बच्चों का पोषण हमारी प्रमुख प्राथमिकताओं में से एक है। पोषण माह जैसी पहल के माध्यम से हम समुदाय के साथ मिलकर पोषण और बचाव आधारित स्वास्थ्य देखभाल के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास करते हैं। इस माह 1,500 से अधिक अभिभावकों और स्वास्थ्य से जुड़े लोगों तक पहुंचना इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हम समुदाय के लोगों के विश्वास और भागीदारी के लिए आभारी हैं। बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य के लिए हम मिलकर प्रयास जारी रखेंगे।”अभियान के दौरान ताजा और गर्म पका हुआ भोजन तैयार करने के प्रदर्शन तथा पोषण बाड़ी को बढ़ावा देने जैसी गतिविधियां भी आयोजित की गईं। इनमें मोटे अनाज, दाल और मौसमी सब्जियों के पोषण संबंधी लाभ की जानकारी दी गई। घर में उगाई गई स्थानीय उपज का उपयोग कर बच्चों और परिवार के पोषण को बेहतर बनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। इसके अलावा सामुदायिक बैठक के माध्यम से अभिभावक, स्वयं सहायता समूह, पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों को पोषण संबंधी अभियान से जोड़ा गया। इन प्रयासों का उद्देश्य बच्चों के स्वास्थ्य और विकास के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना था। सतनाम नगर की चंद्रकांता महिलाने ने कार्यक्रम के अनुभव साझा करते हुए कहा, “इस सत्र से हमें घर में आसानी से उपलब्ध सामग्री से बच्चों के लिए संतुलित और पौष्टिक भोजन तैयार करने की उपयोगी जानकारी मिली। हमने जाना कि बच्चों का वजन बढ़ाने, पाचन बेहतर रखने और उनके समग्र स्वास्थ्य के लिए किस तरह के भोजन जरूरी हैं। यहां दी गई जानकारी सरल और व्यावहारिक थी, जिसे हम अपने घरों में अपना सकते हैं और अपने बच्चों की बेहतर देखभाल कर सकते हैं।”महीने भर चले इस अभियान का समापन क्लस्टर स्तर पर आयोजित पोषण माह समारोह के साथ हुआ। कार्यक्रम में पोषण विषय पर आधारित प्रतियोगिताएं और सामुदायिक कार्यक्रम आयोजित की गईं। इस पहल ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने और स्वस्थ व सशक्त समुदाय के निर्माण के प्रति बालको की प्रतिबद्धता को दोहराया।
With Product You Purchase
Subscribe to our mailing list to get the new updates!
Lorem ipsum dolor sit amet, consectetur.
Related Articles
Check Also
Close




