Uncategorized

पिता की डांट के बाद घर नहीं लौटा मासूम, 12 वर्षीय छात्र के लापता होने से परिवार बेहाल…

Korbavani.com। कटघोरा-बांगो थाना क्षेत्र के माचाडोली गांव से 12 वर्षीय छात्र के लापता होने का मामला सामने आया है। पिता की डांट के बाद घर से निकला बालक वापस नहीं लौटा, जिससे परिजनों की चिंता बढ़ गई है। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए अपहरण की आशंका जताई है। जानकारी के अनुसार माचाडोली निवासी महिला, जो कोरबा के एक होटल में कार्यरत हैं, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका पुत्र विनोय कुमार पोर्ते (12 वर्ष 6 माह) सरस्वती शिशु मंदिर, माचाडोली में कक्षा आठवीं का छात्र है। बताया गया कि 12 जुलाई की सुबह विनोय अपने दोस्तों के साथ बांगो डेम में नहाने गया था। इसी दौरान उसके पिता विक्रम सिंह पोर्ते ने उसे देख लिया और डांट-फटकार लगाई। इसके बाद पिता अपने काम पर चले गए, लेकिन डांट से सहमा बालक घर वापस नहीं आया। परिजनों को बाद में जानकारी मिली कि दोपहर करीब 3:30 बजे विनोय माचाडोली अस्पताल के पास से गणपत बस में सवार होकर कटघोरा की ओर गया था। इसके बाद परिजनों ने कटघोरा सहित रिश्तेदारों और अन्य संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका। लगातार खोजबीन के बाद भी सफलता नहीं मिलने पर परिजनों ने 13 जुलाई को थाना पहुंचकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत में आशंका जताई गई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया हो। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर छात्र की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की जा रही है और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर हर पहलू की जांच की जा रही है। वहीं परिजनों की निगाहें अब पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं और उन्हें उम्मीद है कि विनोय सकुशल घर लौट आएगा।

Kush Sharma

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button