मंत्री देवांगन बोले- औद्योगिक विकास के साथ सामाजिक सरोकार भी निभा रहा बालको…
Korbavani.com। क्षेत्रीय विकास और सामुदायिक सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने नेहरू नगर में एक नए सामुदायिक भवन का निर्माण कर स्थानीय नागरिकों को महत्वपूर्ण सौगात दी है। भवन का लोकार्पण प्रदेश के वाणिज्य एवं उद्योग, सार्वजनिक उपक्रम, वाणिज्यिक कर (आबकारी) एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने किया। लोकार्पण समारोह में महापौर संजू देवी राजपूत, बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक राजेश कुमार सिंह, पार्षद कृपाराम साहू सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि और कंपनी के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने शिलापट्ट का अनावरण कर भवन का अवलोकन किया तथा उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि बालको केवल औद्योगिक उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और आधारभूत संरचना विकास जैसे क्षेत्रों में भी उल्लेखनीय योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि नेहरू नगर का यह सामुदायिक भवन सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए एक सशक्त मंच के रूप में विकसित होगा। बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक राजेश कुमार सिंह ने कहा कि कंपनी का उद्देश्य स्थानीय समुदायों के साथ मिलकर विकास की नई संभावनाओं को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि सामुदायिक भवन सामाजिक समरसता, आपसी सहयोग और जनभागीदारी को बढ़ावा देने का माध्यम बनेगा। भवन को सभी वर्गों के लिए सुगम बनाने के उद्देश्य से इसमें रैंप सहित आवश्यक सुविधाएं विकसित की गई हैं। इससे दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिक भी बिना किसी कठिनाई के भवन का उपयोग कर सकेंगे। यह परिसर भविष्य में सामाजिक आयोजनों, बैठकों और जनकल्याणकारी गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा। बालको ने वित्त वर्ष 2026 के दौरान सामुदायिक विकास के तहत 12 सामुदायिक शौचालय, 2 सामुदायिक मंच और 4 सामुदायिक भवनों का निर्माण किया है। कंपनी की ये पहलें आसपास के क्षेत्रों में सामाजिक आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और जनसुविधाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।




