Korbavani.com । शिक्षा के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ और विशेषकर कोरबा जिले का नाम राष्ट्रीय फलक पर रोशन करते हुए इंडस पब्लिक स्कूल, दीपका के प्राचार्य डॉ. संजय गुप्ता को ‘बेस्ट स्कूल प्रिंसिपल ऑफ द ईयर 2026’ अवार्ड से सम्मानित किया गया है। यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान 1 फरवरी 2026 को हॉलिडे इन, मयूर विहार, नई दिल्ली में आयोजित भव्य एवं हाई-प्रोफाइल समारोह में प्रदान किया गया।
राष्ट्रीय मंच पर शिक्षा नेतृत्व की बड़ी पहचान– यह सम्मान समारोह देशभर के प्रतिष्ठित शिक्षाविदों, नीति-निर्माताओं, शिक्षा सुधारकों, इनोवेटर्स और सामाजिक नेतृत्वकर्ताओं की मौजूदगी में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में CBSE, NIOS और शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार से जुड़े शीर्ष अधिकारी, शिक्षाविद और शिक्षा-उद्यमी शामिल रहे।
विशेष रूप से उपस्थित प्रमुख हस्तियों में– डॉ. संयम भारद्वाज (कंट्रोलर ऑफ एग्जामिनेशन, CBSE),डॉ. आलोक कुमार गुप्ता (डिप्टी डायरेक्टर, NIOS – शिक्षा मंत्रालय),डॉ. संदीप मारवाह (फाउंडर, नोएडा फिल्म सिटी),के. श्रीनिवासन (रीजनल डायरेक्टर, CBSE),डॉ. शंकर गोयनका (ऑथर, कोच एवं स्पीकर),श्रीमती गुरप्रीत कौर (AI एक्सपर्ट एवं फाउंडर – Edu Infinity),डॉ. प्रियदर्शी नायक (चेयरमैन – CED इंडिया)जैसी नामचीन हस्तियाँ शामिल रहीं।
48 वर्षों की शिक्षा-साधना को मिला राष्ट्रीय सम्मान– गौरतलब है कि डॉ. संजय गुप्ता पिछले 48 वर्षों से शिक्षा जगत में सक्रिय हैं। उन्होंने अपने पूरे जीवन को विद्यार्थियों के शैक्षणिक, नैतिक और सामाजिक विकास के लिए समर्पित किया है। देशभर से चयनित 150 उत्कृष्ट शिक्षाविदों में उनका चयन बहु-स्तरीय मूल्यांकन के बाद किया गया, जो अपने-आप में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।चयन समिति ने शिक्षा में नवाचार, विद्यालय प्रबंधन, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सामाजिक योगदान और दूरदृष्टि जैसे कई मापदंडों पर खरा उतरने के बाद उन्हें इस सम्मान के योग्य पाया।
प्राचार्य नहीं, संस्थान निर्माता– डॉ. संजय गुप्ता को केवल एक प्राचार्य कहना उनके कार्यों को सीमित करना होगा। वे एक संस्थागत नेतृत्वकर्ता हैं, जिन्होंने विद्यालय को अनुशासन, गुणवत्ता और परिणामोन्मुखी शिक्षा का केंद्र बनाया। शिक्षकों के साथ सामंजस्य, विद्यार्थियों के भविष्य की ठोस योजना और अभिभावकों के विश्वास को बनाए रखना—यही उनकी कार्यशैली की पहचान रही है।
सम्मान के बाद भावुक प्रतिक्रिया अवार्ड ग्रहण करने के बाद डॉ. संजय गुप्ता ने कहा—“यह सम्मान मेरा व्यक्तिगत नहीं, बल्कि हमारे पूरे विद्यालय परिवार का है। शिक्षक, विद्यार्थी, अभिभावक, कर्मचारी और प्रबंधन—सभी के सामूहिक प्रयास का यह परिणाम है। मेरा संकल्प है कि अंतिम सांस तक शिक्षा और समाज के लिए कार्य करता रहूँ। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विद्यालय का विकास किसी एक व्यक्ति से नहीं, बल्कि एक समर्पित टीम से होता है।
इंडस पब्लिक स्कूल परिवार में जश्न का माहौल– इस राष्ट्रीय सम्मान के बाद इंडस पब्लिक स्कूल, दीपका सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष और गर्व का वातावरण है। उल्लेखनीय है कि ‘बेस्ट स्कूल प्रिंसिपल ऑफ द ईयर’ अवार्ड असाधारण शैक्षणिक योगदान, सामाजिक सरोकार और शिक्षा नेतृत्व के उच्च मानकों पर खरा उतरने वालों को ही दिया जाता है। डॉ. संजय गुप्ता इससे पूर्व भी कई राष्ट्रीय व सामाजिक सम्मानों से नवाजे जा चुके हैं और शिक्षा व समाज सेवा के क्षेत्र में उनका योगदान लगातार सराहा जाता रहा है।































