Korbavani.com। कृष्ण जन्माष्टमी और गणेश चतुर्थी जैसे आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए कोरबा पुलिस ने असामाजिक तत्वों और आदतन बदमाशों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में जिला पुलिस कार्यालय में जिलेभर के आदतन बदमाशों और निगरानीशुदा लोगों को बुलाकर पुलिस अधिकारियों ने सख्त चेतावनी दी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बदमाशों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की गुंडागर्दी, नशे में हुड़दंग, मारपीट या अशांति फैलाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति नशे की हालत में सार्वजनिक स्थान पर उपद्रव करता या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करता मिला तो उसके खिलाफ तत्काल कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद आदतन बदमाशों में खौफ का माहौल देखा जा रहा है। पुलिस ने साफ कर दिया है कि त्योहारों के दौरान शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस की लगातार निगरानी रहेगी। संवेदनशील क्षेत्रों, सार्वजनिक स्थानों और प्रमुख आयोजन स्थलों पर पुलिस बल की मौजूदगी बढ़ाई जाएगी। इसके साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर रखी जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने बदमाशों को समझाइश देते हुए कहा कि त्योहार सभी लोगों के लिए खुशी और भाईचारे का अवसर हैं। ऐसे में किसी भी व्यक्ति द्वारा नशे में विवाद, अशांति या आपराधिक गतिविधि करने पर पुलिस बिना किसी दबाव के कार्रवाई करेगी। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे लोगों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशे की हालत में गाली-गलौज, मारपीट, गुंडागर्दी या अन्य किसी प्रकार की अशांति फैलाता है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। 112 डायल कर अथवा अपने नजदीकी थाना या पुलिस चौकी में इसकी जानकारी दे सकते हैं। पुलिस का कहना है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान को यथासंभव गोपनीय रखा जाएगा और समय पर सूचना मिलने से किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सकता है। आगामी त्योहारों को देखते हुए पुलिस ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी और पेट्रोलिंग बढ़ाने की तैयारी की है। जिला पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि त्योहार मनाने की पूरी आजादी है, लेकिन कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि आगामी त्योहारों में शांति भंग करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी और किसी भी तरह की मनमानी करने वालों को तत्काल कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
With Product You Purchase
Subscribe to our mailing list to get the new updates!
Lorem ipsum dolor sit amet, consectetur.




