Korbavani.com। चैत्र नवरात्र का पावन पर्व 19 मार्च गुरुवार से जिलेभर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ प्रारंभ हो गया। हसदेव तट स्थित मां सर्वमंगला मंदिर सहित जिले के विभिन्न देवी मंदिरों में शुभ मुहूर्त के साथ ज्योति कलश प्रज्ज्वलित किए गए। नवरात्र के पहले ही दिन मंदिरों में मनोकामना ज्योति दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही मंदिरों के बाहर लंबी कतारें लगी रहीं और भक्तजन मां के दर्शन के लिए घंटों इंतजार करते नजर आए। चैत्र के बासंती नवरात्र पर्व में देवी मंदिरों की छटा अलौकिक हो उठती है। मां सर्वमंगला मंदिर सहित अन्य प्रमुख देवी मंदिरों में हजारों की संख्या में ज्योति कलश प्रज्ज्वलित किए जा रहे हैं, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है। मंदिर प्रबंधन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। मंदिर परिसर में अलग-अलग कक्षों में ज्योति कलशों को सुव्यवस्थित ढंग से रखा गया है, ताकि दर्शन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को भी कड़ा किया गया है।
मां सर्वमंगला मंदिर के राजपुरोहित पंडित नमन पांडेय अपनी धर्मपत्नी के साथ पूजा-अर्चना में शामिल हुए। उन्होंने बताया कि इस वर्ष चैत्र नवरात्र में करीब 8 हजार तैल एवं 1 हजार घृत के ज्योति कलश प्रज्ज्वलित किए जा रहे हैं। खास बात यह है कि स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ-साथ विदेशों से भी भक्त ऑनलाइन माध्यम से ज्योति प्रज्ज्वलित करवा रहे हैं।
मंदिर परिसर में हर वर्ष की तरह इस बार भी भंडारे का आयोजन किया गया है, जहां श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया जा रहा है। पूरे आयोजन में भक्ति, आस्था और उत्सव का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।




