डीएमएफ से 102 एंबुलेंस में ईएमटी की होगी नियुक्ति, टीबी और कुष्ठ रोगियों की होगी पहचान…
Korbavani.com- कलेक्टर अजीत वसंत की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में स्वास्थ्य विभाग की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति, डेंगू-मलेरिया की रोकथाम, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, एनआरसी, सिकलसेल जांच सहित कई अहम मुद्दों की समीक्षा की गई।
आयुष्मान में फर्जी क्लेम पर सख्ती- कलेक्टर ने आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा के दौरान निजी अस्पतालों में हो रहे फर्जी क्लेम पर चिंता जताई। उन्होंने सीएमएचओ और बीएमओ को निर्देश दिए कि वे क्लेम की कड़ी निगरानी करें और किसी भी स्थिति में धोखाधड़ी न होने दें। साथ ही, लंबित क्लेम को शीघ्र पुटअप करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जिन हितग्राहियों का आधार अपडेट नहीं है, उनका तत्काल अपडेट कर 7 दिनों के भीतर आयुष्मान कार्ड बनाएं। कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।
102 एंबुलेंस में ईएमटी की नियुक्ति- समीक्षा के दौरान बताया गया कि 102 एंबुलेंस में ईएमटी (इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन) की नियुक्ति नहीं होने से प्रसव जैसे आपात मामलों में परेशानी हो रही है। इस पर कलेक्टर ने डीएमएफ मद से ईएमटी नियुक्त करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों में तय लक्ष्य के अनुसार प्रसव कराए जाएं। अनावश्यक रेफर न करें। जिन केंद्रों में 20 से अधिक प्रसव होते हैं, वहां संसाधनों की कोई कमी नहीं होनी चाहिए। रानी धनराज कुंवर शहरी स्वास्थ्य केंद्र में उपचार की स्थिति सुधारने के निर्देश भी दिए।

टीबी-कुष्ठ रोगियों की पहचान और उपचार- टीबी और कुष्ठ के संभावित मरीजों की पहचान कर जांच और एक्सरे कराने के निर्देश दिए गए ताकि समय पर उपचार मिल सके। उपकरणों की खरीदी जेम पोर्टल से करते समय गुणवत्ता और प्रचलित दर का विशेष ध्यान रखें।
एनआरसी और शिशु मृत्यु पर समीक्षा– एनआरसी (पोषण पुनर्वास केंद्र) में 100 प्रतिशत आक्यूपेंसी सुनिश्चित करने और संस्थागत शिशु मृत्यु न हो, इसके निर्देश दिए गए।
सिकलसेल और अन्य ऑपरेशन शिविर– सिकलसेल पीड़ितों की इलेक्ट्रोफोरेसिस जांच कर दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाने के निर्देश दिए गए। वहीं, मोतियाबिंद व अन्य बीमारियों से पीड़ित मरीजों की सर्जरी कराने शिविर लगाने और फॉलोअप सुनिश्चित करने के निर्देश बीएमओ को दिए गए।
बैठक में शामिल अधिकारी- बैठक में सीएमएचओ, जिला टीबी व कुष्ठ अधिकारी, टीकाकरण अधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, आरएमएनसीएचए, समस्त बीएमओ, विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।







