Korbavani.com। जिले में चलाए जा रहे “सजग कोरबा सतर्क कोरबा” अभियान के तहत पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। थाना बांगो क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रेलर चालक से लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में प्रयुक्त बोलेरो वाहन और लूटी गई रकम का हिस्सा भी बरामद किया गया है।मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सलमान अंसारी (निवासी गढ़वा) 26 अप्रैल 2026 को अंबिकापुर से कोयला लेकर रायपुर जा रहा था। देर रात करीब 2 बजे हसदेव नदी के पास ट्रेलर का प्रेशर कम होने पर उसने वाहन सड़क किनारे खड़ा किया। इसी दौरान बिना नंबर की सफेद बोलेरो में सवार दो युवक वहां पहुंचे और कागजात जांचने के बहाने चालक से गाली-गलौज करते हुए उसे धमकाकर अपनी गाड़ी में बैठा लिया। आरोपियों ने चालक से नगद 7800 रुपये लूट लिए और क्यूआर कोड के जरिए 1700 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर भी करा लिए। इस तरह कुल 9500 रुपये की लूट कर आरोपी फरार हो गए। घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद बांगो पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन और लूटी रकम में से 800 रुपये बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रौनक सिंह (20 वर्ष) और कुनाल रजक (19 वर्ष), दोनों निवासी तिफरा विद्युतनगर, थाना सिरगिट्टी, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। दोनों को 28 अप्रैल 2026 को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में थाना बांगो पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक के निर्देश और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में जिले में अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान जारी है।
पुलिस की अपील– कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।





